Shahjahanpur News: एचपीवी वैक्सीन के प्रति बढ़ा भरोसा, पहले शिविर में 50 छात्राओं ने लगवाया टीका
शाहजहांपुर में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए बृहस्पतिवार को हरकुमार पाठक विद्यालय में एचपीवी टीकाकरण शिविर आयोजित हुआ। उड़ान एक उम्मीद वेलफेयर फाउंडेशन ने विभिन्न स्कूलों की 50 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगवाई।
विस्तार
शाहजहांपुर में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान को बृहस्पतिवार को नई गति मिली। उड़ान एक उम्मीद वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से हरकुमार पाठक विद्यालय में आयोजित पहले टीकाकरण शिविर में विभिन्न स्कूलों की 50 छात्राओं ने एचपीवी वैक्सीन लगवाई।
यह संस्था पिछले कई महीनों से शहर के विभिन्न विद्यालयों में जाकर छात्राओं और उनके अभिभावकों को सर्वाइकल कैंसर एवं एचपीवी वैक्सीन के प्रति जागरूक कर रही थी। इसी अभियान का असर रहा कि हरकुमार पाठक विद्यालय, आर्य महिला विद्यालय, आकांक्षा हाईस्कूल और अग्निहोत्री स्कूल की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक टीकाकरण कराया।
शिविर में संस्था की उपाध्यक्ष डॉ. संगीता मोहन ने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के कारण, लक्षण, बचाव और एचपीवी वैक्सीन की उपयोगिता की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण से इस गंभीर बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
वर्षों से जागरूक कर रही संस्था
संस्था की अध्यक्ष नीलम गुप्ता ने बताया कि फाउंडेशन कई वर्षों से महिलाओं और बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूक करने का काम कर रहा है। पहला टीकाकरण शिविर संस्था के लंबे समय से चल रहे प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि अभियान का दूसरा टीकाकरण शिविर शुक्रवार को जीजीआईसी (चौक) में लगाया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक छात्राओं को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
अभियान को सफल बनाने में डीआईओएस हरवंश सिंह, सीएमओ डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, डायट प्राचार्य सोनिया गुप्ता और हरकुमार पाठक विद्यालय की प्रधानाचार्या ब्यूटी गुप्ता का सहयोग रहा। टीकाकरण में मेडिकल कॉलेज की एमओ डॉ. दीक्षा तिवारी, डब्ल्यूएचओ प्रतिनिधि विकास पटेल, एएनएम पिंकी देवी, एएनएम डिंपल गुप्ता और आर्यन सिंह ने सहयोग किया। इस दौरान संस्था की सचिव रेखा मोदी, सह-सचिव रश्मि गुप्ता सहित विद्यालय की शिक्षिकाएं भी मौजूद रहीं।