UP: क्रिकेट खेलते वक्त खिलाड़ी की करंट से मौत, सांस की आस में शव को छह घंटे रेत में दबाए रहे परिजन
शाहजहांपुर के पुवायां में दर्दनाक घटना घटित हुई। यहां क्रिकेट खेलते समय खिलाड़ी की करंट लगने से मौत हो गई। परिजन जिंदगी की आस में उसका शव करीब छह घंटे तक रेत में दबाए रहे।
विस्तार
शाहजहांपुर के पुवायां क्षेत्र में क्रिकेट खेलते समय करंट की चपेट में आकर गांव लालपुर निवासी 33 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया, लेकिन सांसों की आस में परिजन करीब छह घंटे तक उसका शव रेत में दबाए रहे। सोमवार को युवक का अंतिम संस्कार किया गया।
गांव लालपुर निवासी सुखचैन सिंह रविवार को अपने दोस्तों के साथ गांव बेला छेदा में मैच खेलने गया था। मैदान के पास ही बिजली का एक पोल भी लगा हुआ है। पोल के सपोर्टिंग वॉयर में करंट आ रहा था। पोल के पास पानी भी भरा हुआ था। गेंद पोल के पास पानी में चली गई।
ये भी पढ़ें- Bareilly: ऑटो सर्विस एजेंसी के सेल्स मैनेजर से लूट करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, पूर्व कर्मचारी निकला लुटेरा
वहां पर फील्डिंग कर रहा सुखचैन सिंह गेंद उठाने के लिए पानी में घुस गया। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। इससे उसकी करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। साथी खिलाड़ी और परिजन उसको पुवायां सीएचसी लाए, जहां डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन सुखचैन के शव को घर ले गए।
रेत में दबाया शव
सुखचैन की सांसें लौटने की आस में परिजनों ने शव को रेत में दबा दिया। करीब छह घंटे तक शव रेत में दबा रहा। ग्रामीणों और रिश्तेदारों के समझाने पर परिजनों ने शव को रेत से बाहर निकाला और सोमवार को अंतिम संस्कार कर दिया। सुखचैन की मौत से पिता मंगल सिंह, मां, पत्नी और दो बच्चों का रो रोकर बुरा हाल था।
पुवायां सीएचसी अधीक्षक डॉ. नरेंद्र पाल ने बताया कि सुखचैन को सीएचसी लाया गया था। उसको मृत घोषित कर दिया गया था। इसके बाद परिजन शव लेकर चले गए थे। उधर, पुलिस ने मामले की जानकारी से इनकार किया है।