Budaun News: उझानी में गला दबाकर आठ साल के मासूम की हत्या, मक्के के खेत में मिला शव
बदायूं के उझानी में आठ साल के मासूम बालक की हत्या कर दी गई। उसका शव मक्के के खेत में पड़ा मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की बात सामने आई है।
विस्तार
बदायूं के उझानी कस्बे में बहादुरगंज मोहल्ले से शुक्रवार शाम लापता आठ साल के मासूम आहिल का शव शनिवार सुबह सड़क किनारे मक्के के खेत में पड़ा मिला। पिता ने किसी रंजिश से इनकार किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की बात सामने आई है।
आहिल पुत्र सरवर मियां के मोहल्ले में शुक्रवार शाम को पड़ोस के घर में शादी से पूर्व की रस्म से जुड़ा एक कार्यक्रम था। उस कार्यक्रम में महिलाएं गली में ढोलक बजाते हुए निकलीं तो आहिल भी उनके पीछे चल दिया। रात नौ बजे तक भी वह नहीं लौटा तो पिता सरवर, मां चंदवी ने उसकी खोजबीन शुरू की पर उसका कोई सुराग नहीं लगा।
शनिवार सुबह बदायूं निवासी कुलदीप शर्मा के बटाईदार सुखपाल के खेत में एक बच्चे का शव मिलने की जानकारी पाकर सरवर भी वहां पत्नी और बच्चों के साथ पहुंचे। उन्होंने शव की शिनाख्त आहिल की रूप में की। मासूम के शव पर कोई चोट के निशान नहीं थे, ऐसे में गला दबाकर हत्या की आशंका व्यक्त की गई।
एसएसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा
जानकारी पाकर प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह और फॉरेंसिक टीम भी पहुंची और मौके से नमूने लिए। बाद में एसएसपी डॉ. ओपी सिंह, एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव और सीओ शक्ति सिंह भी मौके पर पहुंचे। पिता सरवर से बात की, उन्होंने किसी से रंजिश से इनकार किया।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। एक स्थान के फुटेज में आहिल जैसे हुलिये के बच्चे के साथ एक युवक को बाईपास की ओर जाते देखा गया है। हालांकि उसका चेहरा स्पष्ट नहीं है। एसएसपी ने बताया कि घटना के वर्कआउट को पुलिस की टीमें लगी दी गईं हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।