बरेली: घूरा हटाने के विवाद में छोटे भाई की पटक-पटक कर हत्या, ट्रैक्टर-ट्रॉली से शव लेकर थाने पहुंचे परिजन
फरीदपुर क्षेत्र के कुइयां खेड़ा गांव में मंगलवार को घूरा हटाने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। आरोप है कि बड़े भाई और उसके परिजनों ने छोटे भाई अमर सिंह यादव (58) को पीटा। कई बार जमीन पर पटका, जिससे उनकी मौत हो गई।
विस्तार
बरेली के फरीदपुर क्षेत्र में रास्ते के किनारे ग्राम समाज की जमीन पर पड़े घूरे (कूड़े के ढेर) को हटाने को लेकर मंगलवार सुबह दो सगे भाइयों के बीच संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई और उसके परिजनों ने छोटे भाई को पटक-पटक कर मार डाला। घटना के बाद आक्रोशित परिजन शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादकर थाने पहुंच गए। थाने के गेट पर भीड़ जुटता देख पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन पुलिस ने शव को ट्रॉली से उतरवाकर ई-रिक्शा से सीएचसी भिजवाया, जहां से पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक फरीदपुर क्षेत्र के कुईयां खेड़ा गांव निवासी अमर सिंह यादव (58 वर्ष) का ग्राम समाज की जमीन पर घूरा पड़ता था। बीते दिनों हुई बारिश के कारण घूरा बहकर रास्ते तक फैल गया था। उनका बड़ा भाई मदनलाल (रिटायर्ड शिक्षक) उस जगह से घूरा हटवाना चाहता था। उस जगह के पीछे उसकी जगह है। मंगलवार सुबह मदनलाल ने अमर सिंह पर तुरंत घूरा हटाने का दबाव बनाया। अमर सिंह और उनके बेटों ने कहा कि कुछ दिनों में खेत खाली होने वाले हैं, जिसके बाद यह घूरा फसल में डाल देंगे।
कई बार जमीन पर पटकने का आरोप
आरोप है कि मदनलाल व उसके बेटे और परिजन इस बात पर राजी नहीं हुए और गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते बात मारपीट तक पहुंच गई। परिजनों का आरोप है कि मदनलाल और उसके बेटों ने अमर सिंह को पकड़ लिया और कई बार जमीन पर पटका। इससे अमर सिंह मौके पर ही अचेत हो गए। परिजन इलाज के लिए उन्हें अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
घटना से गुस्साए परिजन शव को सीधे फरीदपुर थाने ले आए। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने गेट से भीड़ हटवाई और शव को सीएचसी भिजवाकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर के मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जाएगी।
फरीदपुर सीओ संदीप सिंह नें बताया कि लड़ाई झगड़े का मामला है। मृतक के कोई गंभीर चोट नहीं प्रतीत हो रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।