सांपों से खिलवाड़ पड़ा भारी: शाहजहांपुर में नागिन के डसने से दिव्यांग युवक की मौत, वीडियो देख रह जाएंगे हैरान
शाहजहांपुर जिले के गांव ब्रिहामपुर झांझरिया निवासी उमेश गौतम सांप पकड़ने में माहिर थे, लेकिन सांपों को पकड़कर खिलवाड़ करना उनकी जान पर भारी पड़ गया। वो शराब के नशे थे, नागिन हाथ पर डसती रही। जिससे उनकी जान चली गई।
विस्तार
शाहजहांपुर जिले के देवकली में सांप पकड़कर उनके साथ खिलवाड़ करना एक दिव्यांग युवक को भारी पड़ गया। नागिन के डसने से उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है।
संबंधित वीडियो
गांव ब्रिहामपुर झांझरिया निवासी उमेश गौतम (40 वर्ष) पैर से दिव्यांग थे। वह सांप पकड़ने का काम करते थे। ग्रामीणों के अनुसार, उमेश एक से दो हजार रुपये लेकर सांप पकड़ते थे और उन्हें बोरी में बंद कर घर ले आते थे। इसके बाद सांपों के साथ खिलवाड़ करते थे। उनका सांपों के साथ करतब दिखाने का वीडियो भी सामने आया है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
नागिन ने हाथ में कई बार डसा
रविवार दोपहर करीब 12 बजे वह पड़री चांदूपुर गांव में एक व्यक्ति के घर सांप पकड़ने गए थे। बताया गया कि वहां उन्होंने पहले शराब पी। इसके बाद नागिन को पकड़ लिया। उमेश नशे की हालत थे। नागिन उनके हाथ में डसती रही, लेकिन उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया। कुछ देर बाद हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें सुनासीरनाथ स्थित एक हकीम के पास ले गए। हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
उमेश की मौत से मां रामवती और छोटे भाई अभिषेक का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि उमेश के पास कुछ जमीन थी, जो उन्होंने अपनी बहन निर्मला देवी को दे दी थी। इसी बात को लेकर उनके भाई उनसे नाराज रहते थे। आरोप है कि इसी कारण इलाज कराने में भी काफी देर हुई।