शाहजहांपुर। अरबी-फारसी मदारिस एसोसिएशन ने प्रदेश के अनुदानित मदरसों में कार्यरत शिक्षकों एवं कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा व मृतक शिक्षकों के आश्रितों को ग्रेच्युटी का लाभ दिए जाने की मांग उठाई है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष इकबाल हुसैन उर्फ फूलमियां के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सांसद अरुण कुमार सागर को ज्ञापन दिया। इसमें बताया कि प्रदेश सरकार बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा विभाग के कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा व ग्रेच्युटी का लाभ दे रही है, जबकि अनुदानित मदरसों के शिक्षक-कर्मचारी भी वर्षों से शिक्षा व्यवस्था में योगदान देने के बावजूद इन सुविधाओं से वंचित हैं।
सांसद ने आश्वासन दिया कि उनकी मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा। इस मौके पर इजहार हसन, जहूर अहमद, मोईन खान, सैयद शारिक अली, हैदर अली, साजिद अली खान, मौलाना इमरान खान, मोहम्मद अनीस आदि मौजूद रहे।