Shahjahanpur: पुलिस लाइन में साइबर थाने का शुभारंभ, ऑफलाइन या ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकेंगे पीड़ित
पुलिस लाइन में साइबर थाना बनाया गया है। बुधवार को तिलहर की भाजपा विधायक सलोना कुशवाहा ने फीटा काटकर साइबर थाने का उद्घाटन किया।
विस्तार
शाहजहांपुर पुलिस लाइन में बुधवार को साइबर थाने का शुभारंभ हो गया। थाने से साइबर अपराध की घटनाओं का मुकदमा दर्ज करने के साथ ही अन्य कार्रवाई की जाएगी। तिलहर से विधायक सलोना कुशवाहा ने फीता काटकर उद्घाटन किया। विधायक सलोना कुशवाहा ने कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में साइबर अपराध की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए हर जिले में साइबर थाने को खोला गया है। थाने को आधुनिक उपकरणों से लैस किया गया है। पीड़ित की ऑफलाइन व ऑनलाइन शिकायत दर्ज हो सकेंगी।
एसपी ग्रामीण मनोज अवस्थी ने बताया कि साइबर अपराध की प्राथमिकी दर्ज कर लोगों को न्याय दिला सकेंगे। थाने को कंप्यूटर, आवश्यक हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर उपलब्ध करा दिए गए हैं। इस मौके पर एडीएम प्रशासन संजय पांडेय, सीओ बीएस वीर कुमार, आरआई सतीश चंद्र, एलआईयू इंस्पेक्टर सीपी सिंह आदि मौजूद रहे।
साइबर ठगी के 40 हजार रुपये कराए वापस
पुवायां क्षेत्र के गांव भरतापुर के कमल किशोर से ठगे गए 39,999 रुपये पुलिस ने जांच कर वापस कराए। उन्होंने पांच फरवरी को साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच पुवायां के क्राइम निरीक्षक राकेश सिंह को सौंपी गई थी।
कमल ने बताया कि उनके मोबाइल फोन पर एक कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने ऑनलाइन ऑर्डर पर रिफंड की बात बताते हुए एक लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक करने के बाद पिन डालते ही उनके बैंक खाते से 39999 रुपये कट गए।
पुलिस ने ठगी की राशि को होल्ड करा दिया और जांच कर 28 फरवरी को कमल किशोर के रुपये उनके बैंक खाते में वापस करा दिए। कमल ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बड़ी रकम की ठगी से वह बहुत परेशान थे। रुपये वापस मिलने से वह काफी खुश हैं। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राय ने कहा कि साइबर ठगों से सावधान रहने की जरूरत है। किसी अंजान कॉल पर अपनी बैंक की जानकारी साझा नहीं करें।