{"_id":"8efb799efbce8da0886496ce63ef4990","slug":"six-arrested-in-the-murder-of-god-s-refuge-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"भगवान शरण मर्डर में छह गिरफतार ","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
भगवान शरण मर्डर में छह गिरफतार
शाहजहांपुर।
Updated Wed, 24 Feb 2016 08:47 PM IST
विज्ञापन
मिर्जापुर के ढाईघाट मेले में बीते सोमवार को जाम की झाम से ट्रैक्टर-ट्राली निकालने को लेकर हुए विवाद में जलालाबाद के चंदियुरा बहादुरपुर ग्राम पंचायत की प्रधान के सगे देवर भगवान शरण बहेलिया (45) की गोली मार कर की गई हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें कोर्ट में पेश किया जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मुख्य आरोपी विमलेश फौजी समेत पांच आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
विज्ञापन
मिर्जापुर थानाध्यक्ष प्रभुकांत ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर मेले के समीप ग्राम चौंराहार तिराहे पर घेराबंदी करके आधा दर्जन लोगों को बुधवार को गिरफ्तार किया गया है। दो लोग मौके से भाग गए। गिरफ्तार लोगों में मुन्नालाल पुत्र दयाराम यादव, श्याम पाल पुत्र हरिश्चंद्र यादव, गजेंद्र यादव पुत्र बृजेशपाल निवासी ग्राम ननियुरा थाना मदनापुर, सुरभान यादव पुत्र सरेशपाल और अशोक यादव पुत्र मुरारी निवासी ग्राम बंथरी थाना जैतीपुर एवं बृजपाल पुत्र राजाराम यादव निवासी ग्राम कोठा थाना जैतीपुर हैं। गिरफतार आरोपी कटरी के रास्ते कहीं दूर भाग जाने की फिराक में थे। इस हत्याकांड में मृतक के भतीजे ने दस अज्ञात लोगों के विरूद्ध हत्या, मारपीट, महिलाओं से छेड़छाड़, जान से मारने की धमकी तथा एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन
मुकदमें की विवेचना सीओ जलालाबाद आदेश कुमार त्यागी कर रहे हैं। उनकी पड़ताल में आरोपियों के विवादित ट्रैक्टर चालक सहित कुल 11 नाम प्रकाश मे आए हैं। इनमें उक्त छह शामिल हैं। भगवानशरण को रिवाल्वर से गोली मारने वाला मुख्य आरोपी विमलेश फौजी निवासी डींगुरपुर थाना कांट, ट्रैक्टर चालक कर्रू यादव, ओमेंद्र यादव, यादवेंद्र यादव निवासी ग्राम ननियुरा थाना मदनापुर एवं मुकेश यादव पुत्र सुरेशपाल यादव निवासी ग्राम बंथरी थाना जैतीपुर फरार हैं।
विज्ञापन