जलालाबाद। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बुधवार शाम सिकंदरपुर गांव को जाने वाली रोड पर स्थित बीज भंडार की एक दुकान से लगभग 70 बोरी डीएपी खाद पकड़ी। इस मामले में थाने लाए गए दुकान मालिक से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के लिए अल्हागंज से भी कुछ लोगों को थाने लाया गया है।
बताते हैं कि मिलावट कर सस्ते दामों पर डीएपी खाद बेचने की जानकारी होने पर कृषि विभाग ने छापा मारा। सूत्रों का कहना है कि पकड़ी गई खाद अल्हागंज स्थित एक दुकान से लाई गई थी। इधर-उधर से खरीदने के बाद उसमें मिलावट कर जलालाबाद स्थित दुकान से बिक्री हो रही थी।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. सतीश चंद्र पाठक ने बताया कि जलालाबाद में प्रदीप कुमार के बालाजी बीज भंडार से एनपीके व डीएपी की 124 और पोटाश खाद की 60 बोरियां बरामद की गईं हैं। तीनों उर्वरकों के नमूने भी जांच को सील किए गए हैं।
पूछताछ से पता चला कि प्रदीप खाद की बोरियां अल्हागंज में आलोक सिंह के कार्तिक बीज भंडार से लाया था। आलोक यह खाद किसानों में वितरण के बहाने एक सहकारी समिति से लाया था। बाद में मिलावट के लिए यह खाद शहर के पारस कश्यप को दी गई थी। इस मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को जलालाबाद कोतवाली में तहरीर दी गई है।