UP News: शाहजहांपुर में बैटिंग कर लौटे क्रिकेटर की मौत, अचानक सीने में उठा दर्द, थम गईं सांसें
शाहजहांपुर में क्रिकेट मैच में बैटिंग कर लौटे खिलाड़ी सोनल चंद्रा की मौत हो गई। बताया गया कि उनको अचानक उलझन महसूस हुई और सीने में दर्द उठा। साथी खिलाड़ियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, वहां से बरेली ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया।
विस्तार
शाहजहांपुर के ओसीएफ स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार दोपहर क्रिकेट मैच के दौरान रोजा की आदर्श नगर कॉलोनी निवासी खिलाड़ी सोनल चंद्रा (34 वर्ष) बैटिंग के बाद सीने में उलझन और दर्द के कारण बेसुध हो गए। इलाज के लिए बरेली ले जाते समय उनकी मौत हो गई। सोनल की मौत से उनके परिवार में कोहराम मच गया।
निगोही क्षेत्र के एक निजी स्कूल में शिक्षक सोनल क्रिकेट खेलने के शौकीन थे। वह उप्र क्रिकेट एसोसिएशन में अंपायर भी थे। वह शाहजहांपुर में झंडा क्लब की ओर से खेलते थे। शनिवार दोपहर ओसीएफ की टीम से मुकाबला था। सोनल ने बैटिंग कर 33 रन बनाए। इसके बाद वह स्टेडियम की सीढ़ियों पर आकर बैठ गए।
यह भी पढ़ें- UP: बरेली में क्रिकेट खेलते समय बीएससी के छात्र की मौत, कार्डियक अरेस्ट की आशंका; ईद की छुट्टी पर आया था घर
थोड़ी देर में सोनल चंद्रा को उलझन महसूस हुई। बताया गया कि उनके सीने में दर्द उठा और उनकी हालत बिगड़ने लगी। तब साथी खिलाड़ियों का ध्यान उनकी तरफ गया। आनन-फानन साथियों ने उन्हें उठाया और कार से लेकर ओसीएफ अस्पताल पहुंचे। यहां से उन्हें शहर के एक ह्रदय रोग विशेषज्ञ के पास ले गए।
परिवार में मचा कोहराम
डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद सोनल को बरेली ले जाने की सलाह दी। बरेली ले जाते समय उनकी मौत हो गई। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद उनके घर पर तमाम लोग पहुंचे और परिजनों को ढाढ़स बंधाया। सोनल चंद्रा की असमय मौत होने से हर कोई स्तब्ध है।
मामा संजीव ने बताया कि भांजे सोनल के पिता महेश चंद्र बीएसएफ में थे। जब सोनल तीन माह का था, तब वह शहीद हो गए थे। सोनल की मां सुनीता चंद्रा सेवानिवृत्त शिक्षिका हैं। नानी मधुबाला रोजा की चेयरमैन रह चुकी हैं। थाना सदर बाजार इंस्पेक्टर बृजेश कुमार सिंह व रोजा थाना इंस्पेक्टर राजीव कुमार का कहना है कि उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं है।