पुवायां। भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट का 17 मार्च से मंडी परिसर में धरना-प्रदर्शन चल रहा है। शुक्रवार को सीओ प्रवीण मलिक और थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने धरनास्थल पर पहुंचकर जिलाध्यक्ष अनिल सिंह यादव से वार्ता की।
अनिल सिंह यादव ने सीओ को बताया कि 12 मार्च को एसडीएम को ज्ञापन देकर गांव घनश्यामपुर खुर्द, महुरेना, नवलपुर जमीने नाहिल, रहदेवा में चकमार्ग से कब्जा हटवाने, सिंघापुर खास में मार्ग इंटरलाॅकिंग कराने, गंगसरा में प्रमोद की जमीन कब्जामुक्त कराने, गांव जगनिया मुजप्ता में जमीन पर कर्ज होने के बाद भी दाखिल खारिज करने की जांच की मांग की है। सीओ ने कहा कि पुलिस से संबंधित समस्याओं का निस्तारण करा दिया जाएगा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि सभी समस्याओं का निराकरण होने के बाद ही धरना समाप्त किया जाएगा। इस दौरान श्रीकृष्ण जाटव सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। संवाद