फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Shahjahanpur News ›   Civic Amenities

जिला पंचायत बोर्ड बैठक : 90.48 करोड़ रुपये के बजट प्रस्तावों पर लगी मुहर

Sun, 27 Dec 2020 12:33 AM IST
Bareily Bureau बरेली ब्यूरो
Updated Sun, 27 Dec 2020 12:33 AM IST
विज्ञापन
Civic Amenities
शाहजहांपुर। जिला पंचायत बोर्ड के पंचवर्षीय कार्यकाल की शनिवार को हुई अंतिम बैठक में 90.48 करोड़ रुपये के बजट प्रस्तावों को ध्वनिमत से मंजूरी दे दी गई। विकास भवन सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप यादव की अध्यक्षता में करीब ढाई घंटे तक चली मैराथन बैठक मेें विभाग वार कार्यों की समीक्षा के दौरान कई बार ऐसे मौके आए जब जिला पंचायत सदस्यों, ब्लॉक प्रमुखों और विधायकों ने अधिकारियों को सवालों के कटघरे में खड़ा करके उन्हें निरुत्तर कर दिया। बैठक में मौजूद प्रदेश के वित्त, संसदीय कार्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने अधिकारियों को निष्ठा पूर्वक अपने कार्य दायित्वों का निर्वहन करने का पाठ पढ़ाया।
विज्ञापन

बैठक का संचालन करते हुए जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी महावीर सिंह यादव ने सदन के पटल पर वर्ष 2020-21 के लिए 41.87 करोड़ रुपये के पुनरीक्षित बजट और वर्ष 2021-22 के लिए 48.61 करोड़ रुपये के मूल बजट को अनुमोदन एवं स्वीकृति के लिए सदन के पटल पर रखा। यह दोनों बजट जिला पंचायत बोर्ड ने स्वीकृत कर दिए। पुनरीक्षित बजट में भूमि संरक्षण विभाग के लिए अनुमोदित 61 लाख रुपये की धनराशि भी शामिल है। इसी मौके पर जिला पंचायत की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष में 25 लाख रुपये दिए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिल गई।
विज्ञापन

मंत्री के निशाने पर पावर कॉरपोरेशन के एक्सईएन
पावर कॉरपोरेशन के कार्यों की समीक्षा के दौरान जन प्रतिनिधियों ने लचर बिजली नेटवर्क के सुधार में लापरवाही और नलकूप कनेक्शन जारी करने मेें भ्रष्टाचार को लेकर शिकायतेें करनी शुरू कीं तो बैठक में मौजूद पावर कॉरपोरेशन के एक्सईएन (जलालाबाद) मुकेश कुमार को कैबिनेट मंत्री ने निशाने पर ले लिया। निगोही क्षेत्र के गांव पिपरिया खुशाली में हाई वोल्टेज से ट्रांसफॉर्मर समेत तमाम घरों के मीटर फुंकने के बावजूद लाइन ठीक नहीं कराए जाने, जलालाबाद के उबरिया गांव को स्वीकृत लाइन ठीक नहीं किए जाने और वहां के ट्रांसफॉर्मर को कलान भेज दिए जाने की शिकायतें उठने पर एक्सईएन ने सफाई दी कि पिपरिया के लिए स्टोर से 63 केवी का ट्रांसफॉर्मर नहीं मिल रहा। इस पर कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने बात संभाली कि वहां 25-25 केवी क्षमता के दो ट्रांसफॉर्मर लगाने में क्या हर्ज है। बाद में जिला पंचायत सदस्यों ने सितंबर में शुल्क जमा करने पर भी नौगवां (जलालाबाद) समेत कई स्थानों पर नलकूप कनेक्शन नहीं देने की शिकायत की। एक्सईएन ने कहा कि अब पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन के साथ फीस जमा होने से दलालों की भूमिका खत्म हो गई है। उनके जवाब से नाराज कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मीटिंग में सिर्फ चेहरा दिखाने नहीं आएं और पिछली बैठक में बताए गए कामों की प्रगति आख्या प्रस्तुत करें। उन्होंने एक्सईएन को नलकूप कनेक्शन के बारे में पूरी जानकारी सूचना पट पर प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
विज्ञापन

नवनिर्मित टंकियों से शुरू कराएं पानी की आपूर्ति
जल निगम की कार्यों की चर्चा के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने सिंधौली ब्लॉक के गांव रधौली और खुदागंज क्षेत्र में अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह के गांव नवादा दरोबस्त में बनायी गई टंकियां अभी तक चालू नहीं होने की वजह पूछी। विधायक चेतराम ने पुवायां के जठियापुर और बंडा क्षेत्र के देवकली गांव में बनाई टंकियों को दिखावटी करार दिया। जवाबदेही के लिए खड़े हुए जल निगम के एक्सईएन सुनील कुमार ने बताया कि उन्हें यहां कार्यभार लिए 15 दिन हुए हैं और सभी खामियां जल्द दूर कराने का प्रयास कर रहे हैं। इसी दौरान पनवाड़ी गांव में टंकी से पानी की सप्लाई के लिए पाइप लाइन डालने को इंटरलॉकिंग रोड खोद डाले जाने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कैबिनेट मंत्री ने एक्सईएन को हिदायत दी कि कोई भी सड़क खोदने से पहले उसका पैसा (अनुरक्षण धनराशि) लोक निर्माण विभाग में जमा कराएं क्योंकि इसी कार्यगत कमी की वजह से निवर्तमान एक्सईएन को यहां से जाना पड़ा।
चर्चा में आया चार साल पुराना बीज घोटाला
कृषि विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान तिलहर क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य एवं भारतीय कृषक दल के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद यादव ने दलहन-तिलहन उत्पादन के प्रोत्साहन को निशुल्क बीज वितरण में फर्जी किसानों की सूची बनाने का उल्लेख करते हुए सभापति से इसकी किसी भी विकास खंड में आकस्मिक जांच कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इससे पहले गेहूं बीज घोटाला भी चर्चा में आ चुका है। इस पर उप कृषि निदेशक आनंद कुमार त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश के कई जनपदों से जुड़ा गेहूं बीज घोटाला वर्ष 2015-16 में हुआ था और इसमें दो कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा चुका है, लेकिन जिला पंचायत सदस्य इससे संतुष्ट नहीं हुए। उनका कहना था कि कार्रवाई कृषि अधिकारी पर होनी चाहिए, लेकिन कर्मचारियों को दोषी ठहरा दिया गया। डीडीए ने यह कहकर उन्हें शांत किया कि गेहूं बीज घोटाला की शासन स्तर से जांच जारी है और दलहन-तिलहन बीज वितरण की वह अपने स्तर से जांच कराएंगे।
अन्य कई विभागों के जांचे गए काम
बैठक मेें शिक्षा, आपूर्ति, स्वास्थ्य, नहर आदि विभागों के कार्यों की भी समीक्षा की गई। तिलहर क्षेत्र के चांदपुर और सहसपुर में प्राथमिक स्कूल खोले जाने की मांग पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार ने कहा कि इसके लिए देखन पड़ेगा कि गांव की आबादी कम से कम 300 हो और उसके एक किमी के दायरे मेें दूसरा स्कूल नहीं हो। कैबिनेट मंत्री ने बीएसए का यह कहकर बचाव किया कि प्राथमिक शिक्षा में सुधार को चार वर्ष में बहुत काम हुए और शिक्षकों की भर्ती से शिक्षण कार्य में भी सुधार होगा। जलालाबाद के कलक्टरगंज की नहर में पानी नहीं आने पर सिंचाई विभाग के एक्सईएन आरके वर्मा ने बताया कि नहर काट दिए जाने के कारण उसमें पानी रोका गया है और नहर जल्द चालू होगी। सफाई नहीं होने से पानी नहीं आने की शिकायत मंत्री ने यह कहते हुए खारिज कर दी कि 90 प्रतिशत सफाई कार्य किया जा चुका है। इसी दौरान कटरा के विधायक वीर विक्रम सिंह प्रिंस ने धुबला करीमनगर गांव को बाढ़ से बचाने रको तटबंध कार्य कराने पर जोर दिया।

...जब भावुक हुए सभापति और उदास हो गया सदन
बैठक के समापन से ठीक पहले उस समय पूरा सदन उदास हो गया जब अपने सफल कार्यकाल के लिए सभापति अजय प्रताप सभी जन प्रतिनिधियों और जिला पंचायत सदस्यों से मिले सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भावुक हो उठे। पास बैठे कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना को गुरु बाबा का संबोधन देते हुए उन्होंने कहा कि अध्यक्ष पद लेते वक्त उन्हें राजनीतिक अनुभव नहीं था, लेकिन सदैव यही कामना रही कि सेवा का भाव बना रहे और उनमें यह ललक उनके पिता पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र पाल यादव ने जगाई। उन्होंने कहा कि कई बार हताशा का भाव पैदा हुआ, किंतु हमेशा बड़ों के मार्गदर्शन से हौसला मिला। जलालाबाद के सपा विधायक शरदवीर सिंह ने जिला पंचायत अध्यक्ष की यह कहकर प्रशंसा की कि वह राजनीतिक दृष्टि से भले ही उनकी मदद नहीं कर पाए हों, लेकिन उन्होंने जनहित का जो भी काम बताया उसे स्वीकृति मिली। सुरेश खन्ना ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद असली मकसद अहंकार से दूर रहकर जनता की सेवा होता है और कार्यकाल बीतने पर हमें आत्म आलोचना करके अपनी कमियां टटोलनी चाहिए। बैठक में सांसद अरुण सागर, विधायक मानवेंद्र सिंह, इफको के चेयरमैन बलवीर सिंह, सीडीओ प्रेरणा शर्मा, वरिष्ठ जिला पंचायत सदस्य हरिश्चंद्र वर्मा, जिला गन्ना अधिकारी डॉ. खुशीराम भार्गव, सहायक निदेशक मत्स्य राजेंद्र प्रसाद भारती, जिला विद्यालय निरीक्षक शौकीन सिंह यादव आदि अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed