निगोही। बिजली आपूर्ति में सुधार के लिए संडाखास का नवनिर्मित विद्युत उपकेंद्र चालू नहीं हाे पाने के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को आठवें दिन भी क्रमिक अनशन जारी रखा। हालांकि, मांग पूरी करने के लिए विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता प्रमोद राजपूत के एक दिन का अतिरिक्त समय मांगे जाने पर कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को प्रस्तावित पुतला दहन का कार्यक्रम स्थगित कर दिया।
बिजली आपूर्ति में सुधार से जुड़ी मांगों को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने गत शुक्रवार से उपकेंद्र के समक्ष क्रमिक अनशन शुरू किया था। उसी दिन एक्सईएन ने उनसे वार्ता कर पांच दिन का समय मांगा था। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मंडल अध्यक्ष मंजीत सिंह धालीवाल भी टीम के साथ आ गए, लेकिन एक्सईएन ने संडा खास का उपकेंद्र चालू कराने के लिए शनिवार तक की मोहलत मांगी।
इसीलिए पुतला दहन स्थगित करके अनशन जारी रखा गया। अनशन में देवेंद्र पाल सहित रक्षपाल यादव, माधुरी देवी, लक्ष्मण प्रसाद, श्यामा देवी और श्रीकृष्ण शामिल रहे। एक्सईएन ने बताया कि शनिवार तक संडा खास उपकेंद्र को चालू कर दिया जाएगा। इसके लिए वहां पर एसएसओ, लाइनमैन आदि कर्मचारी पहुंच चुके हैं। संवाद