Shahjahanpur: टेंडर को लेकर भाजपा विधायक के बेटे ने ठेकेदार को पीटा, कार में डालकर अगवा करने का आरोप
पीड़ित ठेकेदार का आरोप है कि उन्होंने घटना के बाद सदर थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। वह सोमवार को मामले की शिकायत एसपी से करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शाहजहांपुर के ददरौल विधानसभा क्षेत्र की दो सड़कों के टेंडर लेने पर भाजपा विधायक मानवेंद्र सिंह के बेटे विमल सिंह ने अपने साथियों के साथ ठेकेदार मोहित अवस्थी को पीटने का आरोप लगा है। आरोप है कि ठेकेदार को गाड़ी में डालकर अगवा किया गया। ठेकेदार ने किसी तरह भागकर जान बचाई। पीड़ित ने सदर थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पीड़ित का राजकीय मेडिकल कॉलेज में मेडिकल किया गया है।
सदर बाजार थाना क्षेत्र के मोहल्ला ताजूखेल निवासी मोहित अवस्थी अधिवक्ता होने के साथ पीडब्ल्यूडी में ठेकेदारी करते हैं। मोहित ने ददरौल विधानसभा की अजीजपुर इटौरा संपर्क मार्ग और कुर्रियाकला-रामखेड़ा के निर्माण के लिए टेंडर डाला था। आरोप है कि टेंडर डाले जाने से ददरौल से भाजपा विधायक मानवेंद्र सिंह, उनके बेटे अरविंद सिंह और विमल रंजिश मानने लगे। वे लगातार उनसे टेंडर को निरस्त करने का दबाव बना रहे थे।
थाना सदर में दी तहरीर
मोहित ने सदर थाने में तहरीर देकर बताया कि वह चार फरवरी को शाम करीब साढ़े सात बजे मुख्य डाकघर स्थित साइबर कैफे पर टेंडर की ऑनलाइन प्रक्रिया को देख रहे थे। आरोप है कि कैफे पर विमल सिंह अपनी सफेद गाड़ी से अन्य साथियों के साथ आए। टेंडर डाले जाने की नाराजगी दिखाते हुए उनके साथ मारपीट करना शुरू कर दिया।
इसके बाद उन्हें अपनी गाड़ी में डालकर ओसीएफ रामलीला मैदान की ओर ले जाकर मारपीट की। मोहित ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। पीड़ित ने सदर बाजार थाने पर पहुंचकर विधायक के बेटे के खिलाफ तहरीर दी, लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
टेंडर को लेकर धमकाने का आरोप
मोहित अवस्थी ने बताया कि दो सड़कों पर टेंडर पड़ने के बाद उनसे लगातार रुपयों की मांग की जा रही थी। इनकार करने पर टेंडर को निरस्त करने के लिए दबाव बनाया। आरोप है कि विधायक ने खुद उनसे टेंडर को रद्द कराने के लिए कहा था। बात नहीं मानने पर उनसे रंजिश मानने लगे थे।
सोमवार को एसपी से मिलेंगे वकील
अधिवक्ता मोहित अवस्थी ने अपने प्रकरण को बार एसोसिएशन में रखने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि प्रकरण में सोमवार को अधिवक्ताओं का शिष्टमंडल एसपी से मिलेगा और कार्रवाई की मांग करेगा।
एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि विधायक के पुत्र द्वारा मारपीट का मामला जानकारी में है। प्रकरण की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ददरौला विधायक मानवेंद्र सिंह ने कहा कि हमारी मोहित अवस्थी से कभी बात नहीं हुई। विमल ने भी हमें कुछ नहीं बताया है। हमें मामले की जानकारी ही नहीं है।