सिंधौली (शाहजहांपुर)। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह की स्मृति में मंगलवार को 12 किलोमीटर की मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। जिसमें बरेली के अनुराग अव्वल रहे।
प्रतियोगिता मुड़िया मोड़ स्थित सिंदूर फिजिकल अकादमी के ग्राउंड से शुरू हुई। मुख्य अतिथि भाजपा नेता व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव ने झंडा दिखाकर धावकों को रवाना किया। दौड़ उमरिया गांव तक जाकर वापस अकादमी के ग्राउंड पर समाप्त हुई। प्रतियोगिता में बरेली के 20 वर्षीय अनुराग यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम, मुजफ्फरनगर के दीपक कटारिया ने दूसरा, हथौड़ा बुजुर्ग के नमन दीक्षित ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाले अनुराग यादव को 10 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन सिंदूर फिजिकल अकादमी के फौजी उमेश सिंह ने किया। आयोजन को सफल बनाने में रोहित कुमार, अर्पित यादव, निखिल सागर, मोहम्मद जैद, रहमान खान, गांधी गौतम, अतेंद्र यादव, धीरज सिंह, आशीष यादव का सहयोग रहा। संवाद