Shahjahanpur: आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने पर लोगों ने किया हंगामा, पुलिस ने लाठियां फटकार कर खदेड़ा
शाहजहांपुर जिले के राजपुर नगला गांव में शनिवार रात किसी ने आंबेडकर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे गांव में तनाव फैल गया। सूचना मिलने पर एसडीएम प्रभात राय और पुलिस बल गांव पहुंचे। उन्होंने प्रतिमा को हटवा दिया। महिलाओं ने आरोप लगाया कि प्रतिमा हटाने का विरोध करने पर पुलिस ने उनके साथ मारपीट की।
विस्तार
शाहजहांपुर के जलालाबाद थाना क्षेत्र के गांव राजपुर नगला में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को शनिवार रात अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे आक्रोशित लोगों ने हंगामा किया तो पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस बल ने हंगामा कर रहे लोगों को लाठी फटकार कर खदेड़ दिया। एसडीएम प्रभात राय व अन्य अधिकारियों ने प्रतिमा को वहां से हटवाकर किसी सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया। गांव की महिलाओं ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
प्रतिमा की स्थापना करने वाले प्रेमसागर व बलवीर आदि ने बताया कि कि इस वर्ष आंबेडकर जयंती पर इस प्रतिमा को गांव की अन्य बिरादरी के लोगों के सहयोग से पंचायत भवन के पीछे खाली पड़ी जमीन पर स्थापित किया गया था। इस जमीन का उपयोग वे लोग उपले पाथने के लिए करते हैं।
महिलाओं ने पुलिस पर लगाया आरोप
शनिवार रात गांव के दो-तीन युवकों ने प्रतिमा का हाथ तोड़ दिया। इसे लेकर लोग भड़क गए और भीड़ एकत्रित हो गई। तनावपूर्ण स्थिति होने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सिपाही मौके पर पहुंचे और मामले को शांत करने का प्रयास किया। आक्रोश बढ़ने पर थाने पर सूचना दी गई। इसके बाद एसडीएम प्रभात राय समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति काबू में नहीं आने पर पुलिस ने लाठी फटकार कर लोगों को भगा दिया। पुलिस ने रात में ही प्रतिमा को उखड़वाकर गाड़ी से कहीं सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया। गांव की महिलाओं ने आरोप लगाया कि प्रतिमा हटाने का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई।
प्रधान पर मूर्ति लगवाने का आरोप
प्रतिमा लगवाने वालों ने बताया कि वे लोग करीब पांच साल पहले प्रतिमा लाए थे। अनुमति न मिलने के कारण प्रतिमा को लगाया नहीं जा सका। आरोप लगाया कि एक माह पहले ग्राम प्रधान अरविंद यादव ने प्रतिमा लगवाने का आश्वासन देकर उन लोगों से करीब 25 हजार रुपये का चंदा इकट्ठा किया। फिर उस जगह पर चबूतरा बनवाकर प्रतिमा स्थापित करवाई।
प्रधान ने आरोपों को नकारा
प्रधान अरविंद यादव ने आरोपों को नकारते हुए बताया कि उनके द्वारा प्रतिमा लगवाने की बात पूरी तरह निराधार है। जिस दिन यह प्रतिमा स्थापित कराई गई, वह रिश्तेदारी में गए हुए थे। सवाल यह है कि सरकारी जमीन पर प्रतिमा लगाई गई, तब प्रधान ने इसकी जानकारी प्रशासन को क्यों नहीं दी, साथ ही बिना अनुमति के सार्वजनिक स्थान पर प्रतिमा लग जाने की भनक न लगना पुलिस व प्रशासन की शिथिलता को भी दर्शाता है।
प्रतिमा तोड़ने वालों पर कार्रवाई हो
ग्रामीण बलवीर ने कहा कि प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने वाले लोग दो-तीन दिन से उसे तोड़ने की धमकी देते घूम रहे थे। उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और प्रतिमा को पुनः उसी स्थान पर लगाया जाए। प्रेमसागर ने कहा कि प्रतिमा लगाने के समय किसी ने विरोध नहीं किया। उसे तोड़ने के प्रयास करने की शिकायत हम लोगों ने पुलिस से की। तब कार्रवाई के बजाए हम लोगों के साथ मारपीट की गई। प्रतिमा को पुनः उसी जगह नहीं लगवाने पर वे आंदोलन करेंगे।
एसपी देहात दीक्षा भांवरे अरुण ने कहा कि राजपुरा नगला में ग्राम प्रधान अवधेश यादव व उसके सहयोगी द्वारा राजनीतिक लाभ के लिए बिना अनुमति महापुरुष की प्रतिमा रखे जाने की सूचना मिली थी। गांव के लोगों को समझाकर प्रतिमा हटाई गई। ग्राम प्रधान पर एफआईआर दर्ज की जा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.