फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Shahjahanpur News ›   Anti-Corruption team caught Lekhpal for accepting a bribe in Shahjahanpur

Shahjahanpur News: तूदाबंदी के लिए दस हजार की रिश्वत लेते लेखपाल गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने रंगेहाथ पकड़ा

Wed, 01 Jul 2026 03:15 PM IST
Mukesh Kumar संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहांपुर
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहांपुर Published by: Mukesh Kumar Updated Wed, 01 Jul 2026 03:15 PM IST
सार

शाहजहांपुर की सदर तहसील में तैनात लेखपाल योगेश तिवारी को एंटी करप्शन टीम ने दस हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। लेखपाल ने तूदाबंदी के मामले में एक व्यक्ति से रिश्वत ली थी।

विज्ञापन
Anti-Corruption team caught Lekhpal for accepting a bribe in Shahjahanpur
आरोपी लेखपाल - फोटो : संवाद

विस्तार

शाहजहांपुर में खेत की तूदाबंदी के लिए बुधवार को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते सदर तहसील के लेखपाल योगेश तिवारी को भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन ब्यूरो) की बरेली की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। टीम लेखपाल और शिकायतकर्ता को साथ लेकर मीरानपुर कटरा थाने पहुंची। वहां लेखपाल संघ के पदाधिकारियों ने पहुंचकर योगेश को साजिशन फंसाने का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी का विरोध किया। वहीं देर शाम लेखपाल योगेश को एसडीएम सदर संजय पांडेय ने निलंबित कर दिया।

विज्ञापन


योगेश कुमार तिवारी पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी उत्तरी का रहने वाला है। चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बाबूजई निवासी शाकिर अली ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से शिकायत की थी कि उनकी मां दिलशाद बानो के खेत की तूदाबंदी करने के एवज में लेखपाल योगेश 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है।
विज्ञापन


सूचना मिलने पर ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने जाल बिछाया। दोपहर करीब 12:30 बजे नया बाइपास फ्लाईओवर के पास शिकायतकर्ता लेखपाल के बुलाने पर रिश्वत की रकम देने पहुंचा। जैसे ही शाकिर अली ने लेखपाल को रुपये दिए, टीम ने उसे दबोच लिया। इसके बाद उसे और शाकिर को लेकर टीम मीरानपुर कटरा थाने पहुंची। एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि लेखपाल की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि उसके खिलाफ मीरानपुर कटरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

विज्ञापन
विज्ञापन

30 हजार की थी मांग, दस हजार में तय हुआ था सौदा
खेत की नाप करने के लिए लेखपाल योगेश तिवारी करीब सात महीनों से शाकिर अली को दौड़ा रहा था। उसने 30 हजार रुपये की मांग की थी। पहली किस्त के रूप में दस हजार रुपये देते ही भ्रष्टाचार निवारण संगठन टीम ने उसे दबोच लिया।

खेतीबाड़ी करने वाले शाकिर अली की पैतृक जमीन शहर के मोहल्ला ककरा इलाके में है। उनकी मां दिलशाद बानो के नाम पर दर्ज जमीन की पैमाइश के लिए तहसील में आवेदन के बाद शाकिर को लेखपाल सात महीनों से टरका रहा था। आरोप है कि उसने पैमाइश कर मेड़बंदी करने के लिए उनसे 30 हजार रुपये मांगे। परेशान होकर शाकिर अली ने बरेली में भ्रष्टाचार निवारण संगठन टीम से संपर्क साधा।

फ्लाईओवर बाइपास के पास से हुई गिरफ्तारी 
टीम के कहने पर लेखपाल की बात मानकर पहली किस्त के रूप में दस हजार रुपये की बात तय हुई थी। मंगलवार को लेखपाल ने शाकिर को कॉल कर बुधवार को रुपये लेकर बुलाया था। बुधवार को लेखपाल ने उसे कई बार कॉल भी की। फ्लाईओवर बाइपास के पास खोखों और दुकानों में बैठी टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ एक राजस्वकर्मी भी था जिसके खिलाफ शिकायत न होने पर उसे जाने दिया गया।

लेखपाल के हाथ धुलाने पर पानी रंगीन हो गया। शाकिर अली ने बताया कि लेखपाल ने पड़ोसी अब्दुल मोबिन, राम लखन व एक अन्य की जमीन की पैमाइश कर दी थी, लेकिन उनके कार्य को सात महीने से अटकाए हुए था। शाकिर के मुताबिक, योगेश को शक था कि वह उसकी रिकॉर्डिंग करता है इसलिए वह उसका फोन भी चेक करता था।

24400 रुपये हुए बरामद
एंटी करप्शन टीम ने योगेश तिवारी के पास से 24,400 रुपये बरामद किए हैं। इसमें दस हजार रुपये वह हैं, जो शाकिर अली ने दिए थे। शेष रुपये की स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण बरामदगी में शामिल किया गया है। वहीं, थाने में लेखपालों की भीड़ बढ़ने पर शाकिर अली को गोपनीय स्थान पर बैठा दिया गया। शाकिर ने अपना फोन भी बंद कर लिया। इस बीच टीम ने भी स्पष्ट मना कर दिया कि शाकिर उनके पास नहीं है। कई बार शाकिर अली बाहर आए, लेकिन लोगों को गुमराह करते हुए अपना नाम नीरज बताया।

लेखपाल संघ ने साजिश बताया
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार ने योगेश तिवारी को पकड़े जाने को साजिश बताया। उन्होंने बताया कि मेड़बंदी के लिए भूलेख निरीक्षक जोगेंद्र सिंह से कार्रवाई होनी थी। मेड़बंदी के मामले में लेखपाल योगेश तिवारी का कोई लेना-देना नहीं था। थाने में लेखपाल उग्रसेन, राकेश कुमार, आलोक कुमार, चंद्रजीत यादव आदि मौजूद रहे। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed