शाहजहांपुर: युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
शाहजहांपुर में जानलेवा हमले का वांछित आरोपी शीबू उर्फ आजम पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। उसके पास से तमंचा और मोटरसाइकिल बरामद हुई।
विस्तार
शाहजहांपुर के रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र में जानलेवा हमले के मामले में वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। उसके कब्जे से तमंचा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार को बाकरजई निवासी पंकज ने तहरीर देकर बताया था कि शीबू उर्फ आजम, नईम और कुछ अज्ञात लोगों ने उसके भाई नीरज के घर में घुसकर चाकू से जानलेवा हमला किया। नीरज गंभीर रूप से घायल हो गया था। मामले में रामचंद्र मिशन थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
शनिवार को प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम के साथ हरदोई चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने वांछित आरोपी शीबू उर्फ आजम बाइक से हरदोई रोड की ओर आने की सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह मोटरसाइकिल लेकर भागने लगा।
पुलिस टीम पर किया फायर
एसपी सिटी के अनुसार, पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी हाईवे से बड़े गांव वाले कट की ओर कच्चे रास्ते पर मुड़ गया। रास्ते में मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। आरोपी की पहचान किला पाखड़ निवासी शीबू उर्फ आजम के रूप में हुई है।