UP News: शाहजहांपुर में रामगगा पुल पर फिर हादसा, रेलिंग तोड़कर लटका ट्रक, नदी में गिरने से बचा
शाहजहांपुर के अल्हागंज थाना क्षेत्र में रामगंगा पुल पर एक ट्रक अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गया। इससे रेलिंग टूट गई। ट्रक का अगला हिस्सा पुल पर लटक गया। गनीमत रही कि पुल नदी में नहीं गिरा। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
विस्तार
शाहजहांपुर के अल्हागंज थाना क्षेत्र में बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे के रामगंगा पुल पर सोमवार को सुबह करीब छह बजे फिर हादसा हो गया। फर्रुखाबाद से शाहजहांपुर की ओर जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर रेलिंग से जा टकराया और उसका आगे का हिस्सा नदी की ओर लटक गया। हाईवे पर लंबा जाम लग गया। दोपहर तीन बजे तक जाम नहीं खुल पाने से पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोग खासे परेशान हुए।
पुल पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ ट्रक
फर्रुखाबाद मंडी से मक्का भरकर सोमवार को सुबह शाहजहांपुर रवाना हुआ था। ट्रक पुल पर पहुंचने के बाद गड्ढे होने से हिचकोले खाकर अनियंत्रित होने लगा। इसी दौरान चालक ने ट्रक से नियंत्रण खो दिया और वह पुल की रेलिंग से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज हुई कि आठ-दस फुट रेलिंग टूटने के साथ ट्रक का अगला हिस्सा पुल से नदी की ओर खतरनाक हालत में लटक गया। ट्रक तिरछी हालत में फंस जाने से संकरे पुल पर जाम लग गया।
वाहनों की लगी लंबी कतारें
कुछ ही देर में पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगने लगीं। जाम में दर्जनों बसें, सैकड़ों छोटे वाहन और हजारों बाइक सवार घंटों तक फंसे रहे। इस कारण जाम में फंसे लोगों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को खासी परेशानी हुई और उन्हें अपना सामान उठाकर पैदल ही पुल पार करते हुए करीब दो किमी दूर हुल्लापुर की ओर जाना पड़ा। पुल पर जाम लगने की सूचना पाकर दोपहर करीब एक बजे स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पुल के एक तरफ अपनी सीमा में जाम खुलवाने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ वाहनों को रास्ता बनाकर फर्रुखाबाद की ओर निकाला गया।
हालांकि, इस दौरान बाइकों पर सवार लोग पुल पर आड़े खड़े ट्रक के बीच से निकलते रहे। दोपहर 12 से एक बजे के बीच कुछ कारें भी निकाली गईं, लेकिन जाम में फंसी बसों और ट्रकों को आगे निकालने की जगह नहीं मिली। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि जाम खुलवाने के लिए पुलिस बल को मौके पर भेजा गया है। उनका कहना है कि पुल पर यातायात बहाल कराने के लिए राजेपुर थाना पुलिस से भी मदद मांगी गई है।