तिलहर। लखनऊ-दिल्ली हाईवे के पूर्वी भक्सी तिराहे के पास लगे ट्रांसफाॅर्मर में रविवार को तड़के करीब तीन बजे बिजली की ओवरलोडिंग से आग लग गई। आसपास के केबल जल जाने से करीब 12 घंटे तक 100 घरों की बत्ती गुल रहने से लोग परेशान रहे।
ट्रांसफाॅर्मर में जिस समय आग लगी, अधिकांश लोग गहरी नींद में थे। जब तक लोग घरों से निकलकर बाहर आए, ट्रांसफॉर्मर विकराल लपटों से घिर चुका था। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले कुछ लोगों ने बाल्टी और रेत डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के आगे वह नाकाम रहे। बाद में विद्युत निगम के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त लाइनों को दुरुस्त करने का काम शुरू किया। इस दौरान तमाम घरों में पानी का संकट हो गया। विद्युत उपकेंद्र के प्रभारी अवर अभियंता कृपांशु ने बताया कि अपराह्न तीन बजे तक ट्रांसफार्मर बदलने के साथ क्षतिग्रस्त लाइनें ठीक करके बिजली आपूर्ति शुरू करा दी गई। संवाद