{"_id":"5899d6444f1c1b8752379383","slug":"46-polling-personnel-directed-fir","type":"story","status":"publish","title_hn":"46 मतदान कर्मियों पर एफआईआर के निर्देश","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
46 मतदान कर्मियों पर एफआईआर के निर्देश
ब्यूरो, अमर उजाला शाहजहांपुर
Updated Tue, 07 Feb 2017 11:45 PM IST
विज्ञापन
विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को मतदान कर्मियों को जीएफ कालेज में प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान अनुपस्थित पाए गए 46 मतदान कार्मिकों के विरुद्ध डीएम ने एफआईआर कराने के निर्देश दिए। डीएम कर्ण सिंह चौहान ने कहा कि निर्वाचन कार्य मेें किसी भी तरह की लापरवाही अक्षम्य होगी। इसलिए सभी कर्मचारी मतदान प्रक्रिया को भली प्रकार सीख लें और प्रशिक्षण में कोई कमी नहीं रहने पाए। यदि कोई कमी महसूस हो तो मास्टर ट्रेनर से दोबारा जानकारी कर लें। पीठासीन अधिकारी के लिए जिन मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगी है, वे भी निर्वाचन की जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी गंभीरता से करने के लिए प्रशिक्षण के हर बिंदु को याद रखें अथवा उन्हें अपनी डायरी में नोट कर लें। उन्होंने कहा कि लेखन सामग्री के स्टेशनरी बैग मेें सभी जरूरी सामग्री और प्रपत्र रखने में पूरी सावधानी बरती गई है, इसके बावजूद मतदान कर्मियों बैग के साथ मिली सूची के अनुरूप सारे सामान का मिलान कर लें। डीएम को सीडीओ टीके शिबु ने बताया कि प्रशिक्षण में आठ पीठासीन अधिकारी, छह मतदान अधिकारी प्रथम, 16 मतदान अधिकारी द्वितीय और इतने ही मतदान अधिकारी तृतीय अनुपस्थित पाए गए। डीएम ने इन सभी के विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की उचित धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण के दौरान डीआरडीए के परियोजना निदेशक अजय प्रकाश ने निर्वाचन संबंधी स्टालों पर कर्मचारियों को मतदान से जुड़े विभिन्न कार्यों की जानकारी दी।
विज्ञापन