माध्यमिक शिक्षकों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया
संतकबीरनगर। माध्यमिक शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान डीआईओएस पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर 15 सूत्री ज्ञापन के साथ सात अन्य समस्याओं का मांग पत्र अपर एसडीएम को सौंपा।
संघ के मंडलीय मंत्री संजय द्विवेदी ने कहा कि डीआईओएस की मनमानी के कारण शिक्षकों का उत्पीड़न किया जा रहा है। अहर्ताधारी शिक्षक को प्रधानाचार्य का पदभार नहीं दिया जा रहा है। विद्यालय के लिपिक का एरियर भुगतान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोर्ट ने भी डीआईओएस के खिलाफ वारंट जारी किया है। शिक्षकों के एनपीएस अकाउंट को अपडेट नहीं किया जा रहा है। एरियर के प्रकरण में खुलेआम रिश्वत मांगी जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वृहद आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस दौरान गिरिजा नंद यादव, मोहिबुल्लाह खान, महेश राम, विजय यादव, विंध्याचल सिंह, जितेंद कुमार, आफताब आलम, विनोद चौरसिया, उदयभान सिंह आदि मौजूद रहे।