कुर्मियान टोला के पास टूटा रिंग बांध, गांव में मची तबाही
धनघटा। विकास खंड पौली के छपरा मगर्वी गांव के कुर्मियान टोला के बचाव के लिए बनाया गया रिंग बांध मंगलवार को घाघरा नदी के बाढ़ के पानी के दबाव से टूट गया। बांध टूटते ही कुर्मियान टोला के 36 घरों में बाढ़ का पानी घुस गया। सूचना मिलने पर विधायक और डीएम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। डीएम ने लोगों की मदद के लिए मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
छपरा मगर्वी गांव के दक्षिण कुर्मियान टोला के छत्तीस घरों के लोग निवास करते हैं। इस गांव के बचाव के लिए रामपुर -मकदूमपुर बांध से कुर्मियान टोला तक करीब दो किलोमीटर लंबा रिंग बांध का निर्माण प्रशासन द्वारा कराया गया है। ग्राम प्रधान देवेंद्र यादव, जय राम कनौजिया, बाबूलाल, लल्ला आदि ने बताया कि मंगलवार को घाघरा नदी के पानी ने रिंग बांध पर दबाव बनाया, जिससे बांध टूट गया। अचानक बाढ़ आने से गांव के लोग अपना सामान सुरक्षित करते हुए रामपुर- मकदूमपुर बांध पर पहुंचने लगे। जानकारी होने पर डीएम प्रेम रंजन सिंह, एसपी सोनम कुमार और क्षेत्रीय विधायक गणेश चंद चौहान भी मौके पर पहुंच गए। ग्राम प्रधान देवेंद्र यादव ने बाढ़ पीड़ितों को तात्कालिक सहायता राशि उपलब्ध कराने के साथ डीएम और विधायक से राहत दिलाए जाने की मांग की।