तंबाकू ने ली जान: मां करती थी सेवन, छात्रा को भी लग गया था शौक, दोस्तों ने बनाया मजाक तो लगा ली फांसी
बैग से तंबाकू मिलने पर अध्यापिका ने डांट दिया था। इसके बाद कक्षा के कुछ बच्चों ने तंबाकू पकड़े जाने के बाद उसका मजाक बनाया। जिससे आहत होकर जान दे दी।
विस्तार
संभल में कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी 13 वर्षीय कक्षा पांच की छात्रा ने फंदे से लटक कर जान दे दी। छात्रा ने निजी स्कूल से लौटने के बाद यह कदम उठाया है।परिजनों ने पुलिस को सूचना नहीं दी। छात्रा के छोटे भाई ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह वह दोनों भाई-बहन स्कूल गए थे। कक्षा में अध्यापिका ने उसकी बहन के बैग से तंबाकू का पैकेट पकड़ा था। बैग से तंबाकू मिलने पर अध्यापिका ने डांट दिया था। इसके बाद कक्षा के कुछ बच्चों ने तंबाकू पकड़े जाने के बाद उसकी बहन की मजाक बनाई थी। इसी मजाक से बहन आहत हुई थी।
इसके बाद ही घर आकर उसने दुपट्टे के फंदे से लटक कर जान दे दी। किशोरी की मां ने बताया कि जब बेटा और बेटी स्कूल से आए तो वह पड़ोस में गई हुई थीं। बेटा बुलाने के गया था। कुछ देर बाद जब लौटी तो बरामदे में छत के जाल के सहारे दुपट्टे से शव लटका हुआ था। शोर मचाने पर आसपास के लोग आ गए। चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे तो मृत होने की पुष्टि की। किशोरी के चाचा ने बताया कि छात्रा के पिता मेहनत मजदूरी करते हैं, उन्होंने पुलिस को सूचना नहीं दी है। बताया कि अध्यापिका ने बैग से तंबाकू मिलने पर डांटा था। यह जानकारी अभी तक सामने आई है। छात्रा अपने दो भाई और दो बहनों में सबसे बड़ी थी।
मां करती हैं तंबाकू का सेवन, छात्रा को भी लग गया था शौक
पांचवीं कक्षा की छात्रा ने सहपाठियों की मजाक से आहत होकर जान दे दी। मजाक इसलिए बच्चों ने बनाया कि छात्रा तंबाकू के साथ पकड़ी गई। छात्रा के चाचा ने बताया कि उनकी भाभी तंबाकू का सेवन करती हैं। हो सकता है कि मां को देखकर छात्रा ने भी तंबाकू का शौक करना शुरू कर दिया हो। तंबाकू पकड़े जाने पर तो अध्यापिका को डांटना ही था।