अपनी समस्या रखते हुए ग्रामीण बोला धर्म बदल लूंगा, एसपी ने ये दिया जवाब
संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम मनीष बंसल को दिए शिकायती पत्र में धर्मेंद्र वाडीलाल ने बताया कि श्री बारहसैनी रामलीला एवं रामबाग ट्रस्ट की भूमि की गाटा संख्या- 1785 है। यह स्कूल के लिए चिह्नित है। इसी से लगी हुई गाटा संख्या-1786 व 1787 हैं। यह दूसरे व्यक्ति के नाम पर दर्ज है। ट्रस्ट की जमीन पर दूसरे व्यक्ति ने कब्जा कर रखा ह। पैमाइश के लिए कई प्रार्थना तहसील तहसील से लेकर डीएम, मुख्यमंत्री पोर्टल, पीएमओ तक को भेजे गए पर कोई समाधान नहीं हुआ।
नौ फरवरी 2022 को एसडीएम की उपस्थिति में दोनों पक्ष आए थे। पैमाइश के लिए दोनों पक्षों की ओर से निर्धारित सरकारी फीस जमा की गई थी पर धारा-24 वाद दायर होने के बाद से उसकी पैमाइश नहीं की गई। तहसील प्रशासन मामले को अटकाए हुए है। शिकायती पत्र में उन्होंने अवैध कब्जेदार व तहसील प्रशासन से जान को खतरा बताया है। आरोप है कि उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने मामले की जांच अन्य एजेंसी से कराने की मांग की है। इन्हीं सभी मुद्दों को लेकर धर्मेंद्र वाडीलाल ने धर्म परिवर्तन की अनुमति मांगी थी। डीएम ने इस मामले में एसडीएम को जांच कर 15 दिन में पैमाइश कराने के निर्देश दिए हैं।
शिकायत कर्ता को एसपी ने आधा घंटे बैठाया एसडीएम कक्ष में
शिकायती पत्र देने के साथ ही धर्मेंद्र वाडीलाल ने मौखिक रूप से धर्म परिवर्तन करने की बात कही। यह सुनते ही एसपी चक्रेश मिश्र तल्ख हो गए। बोले कि आप अपने ट्रस्ट की जमीन की लड़ाई लड़ो। यहां अपनी समस्या बताएं, उसे सुना जाएगा। धर्म परिवर्तन की बात करोगे, तो आपको जेल भेज दिया जाएगा। एसपी ने नाराजगी जताते हुए पुलिस से कहकर उन्हें चंदौसी एसडीएम के कार्यालय में बैठा दिया। करीब आधा घंटे के बाद उन्हें वहां से छोड़ा गया।