लोक निर्माण विभाग ने जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में 164 सड़कों की मरम्मत के लिए कार्ययोजना तैयार कर ली है। प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। बजट जारी होते ही कार्य शुरू हो जाएगा।
वर्तमान समय में जिले में बड़ी संख्या में ऐसी सड़कें हैं जो जर्जर हालत में हैं। इन सड़कों की लंबाई 298.200 किलोमीटर है। अब विभाग ने सड़कों की मरम्मत कराए जाने को लेकर प्रस्ताव तैयार किए हैं। इनमें प्रमुख सड़क संभल-चंदौसी मार्ग की है जो जर्जर हालत में है। इसके लिए छह किलोमीटर की कार्ययोजना तैयार की है। इसके अलावा सड़कों में चार किलोमीटर का लोधीपुर से मढ़न होते हुए टांडा असमोली मार्ग, मुरादाबाद-गवां से बुलंदशहर स्टेट हाईवे जो सात सौ मीटर का है, बबराला से गवां होते हुए रहरा मार्ग डेढ़ किलोमीटर, धनारी भिरावटी मार्ग तीन किलोमीटर, बबराला से अनूपशहर मार्ग सात किलोमीटर, मऊ कठेर से फत्तेहपुर शमसोई मार्ग सात किलोमीटर, सैदनगली-मनोटा होते हुए चौधरपुर से जोया संपर्क मार्ग छह किलोमीटर, पवांसा से स्वराजपुर होते हुए कुंवरपुर मार्ग नौ किलोमीटर की कार्य योजना तैयार हुई है।
लोकनिर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कृष्णवीर सिंह ने बताया कि प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। बजट मिलने पर कार्य शुरू करा दिया जाएगा।