चंदौसी। कोतवाली क्षेत्र के बेरनी मार्ग पर गांव असालतपुर जारई के आगे रविवार रात साइकिल सवार को कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया था। सोमवार शाम उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। परिजनों ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के लिए कोतवाली में तहरीर दी है।
थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव बेरनी निवासी हेम सिंह (28) सब्जी बेचता था। रविवार रात साढ़े आठ बजे हेम सिंह घर का सामान लेकर साइकिल से गांव लौट रहा था। जब साइकिल सवार असालतपुर जाई गांव से आगे पहुंचा तो सामने से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी थी। घायल हेम सिंह को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी में पहुंचाया गया था। जहां हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना की जानकारी होने पर घायल के परिजन भी सीएचसी पहुंच गए। परिजनों ने घायल हेम सिंह को उपचार के लिए मुरादाबाद के निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। इसके बाद परिजन सोमवार रात घायल को दिल्ली उपचार के लिए जा रहे थे। मगर हेम सिंह ने रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतक युवक की पत्नी मीरा, बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रविवार सुबह मृतक के तहेरे भाई महावीर की ओर से घटना की तहरीर कोतवाली में दी गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।