बाबा गैंग का भंडाफोड़: मुंह पर बांधे थे कपड़े, रामपाल को रास्ते में रोक लिया, रंगदारी का विरोध पर कर दी फायरिंग
जुनावई थाना क्षेत्र में ग्रामीण से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी के मामले में पुलिस ने बाबा गैंग के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से दो तमंचे, कारतूस और एक बोलेरो गाड़ी बरामद हुई है। ग्रामीण रामपाल ने आरोप लगाया था कि तीन मई की रात आरोपियों ने रास्ते में रोककर रंगदारी मांगी और विरोध करने पर फायरिंग कर धमकी दी।
विस्तार
थाना क्षेत्र के ग्राम दबथरा हिमंचल के रहने वाले रामपाल की ओर से बीती छह मई को दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा गया था कि वह तीन मई की रात जुनावई से गुन्नौर जा रहा था, कि दबथरा के रहने वाले अंकित एवं अजीजपुर के रहने वाले अवधेश सहित दस से पंद्रह लोग जिनके मुंह पर कपड़े बंधे हुए उन्होंने रास्ते में रोक लिया।
सभी ने एक राय होकर एक लाख की रंगदारी मांगी। मना करने पर तमंचे से फायर करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। रामपाल ने पुलिस को बताया कि सभी आरोपी बाबा गैंग से जुड़े हुए अपराधी हैं। मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई के आदेश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी, सर्विलांस व स्थानीय पुलिस की टीमें गठित की गई थीं।
बृहस्पतिवार की रात पुलिस टीमों ने जुनावई के शनिवार बाजार से सराय ब्राह्मण जाने वाले रास्ते पर से आरोपी अंकित उर्फ दीपेंद्र निवासी ग्राम दबथरा व अवधेश उर्फ उपदेश कुमार निवासी अजीजपुर हरलाल को बोलेरो गाड़ी के साथ गिरफ्तार कर लिया। तलाशी ली गई तो इनके पास से पुलिस को दो 315 बोर के तमंचे व कारतूस बरामद हुए।
पकड़े गए दोनों आरोपियों ने पूछताछ में अपने अन्य साथियों के नाम बताए। इसके आधार पर प्रिंस निवासी यादव काॅलोनी थाना बहजोई व इसी मोहल्ले का कुलदीप जड़ेजा, अमन शर्मा निवासी बिजलीघर थाना बहजोई, और सुरेंद्र निवासी नगला डुमाइल थाना जुनावई को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
एक व्यक्ति से रंगदारी वसूलने के प्रयास में उसे जाने से मारने की धमकी देने वाले कथित बाबा गैंग के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इसके लिए एसओजी, सर्विलांस एवं स्थानीय पुलिस की टीमें गठित की गईं थीं। पकड़े गए बदमाशों से दो तमंचे एवं एक बोलेरो गाड़ी भी बरामद हुई है। इनके खिलाफ अन्य थानों में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस की टीमें लगी हुई हैं। - मनोज कुमार रावत, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी)
सोशल मीडिया पर बना रखा है बाबा नाम से ग्रुप
जुनावई पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उनका 25-30 लोगों का एक ग्रुप है। सभी ने वाटसएप, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर बाबा नाम से ग्रुप बना रखा है, सभी आपस में जुडे़ हुए हैं। बताया कि अपने शौक व जरूरतों को पूरा करने के लिए लोगों को डरा धमका कर पैसे लेते हैं। पहले भी जेल जा चुके हैं।
आमतौर पर लोग डराने धमकाने से पैसे दे देते है और डर की वजह से लोग पुलिस में भी जल्दी शिकायत नहीं करते हैं। गैंग में कुछ और लोग है, जिनका भी यही काम है। उन्होंने स्वीकार किया कि तीन मई की रात गांव दबथरा हिमंचल के रहने वाले रामपाल साथियों के साथ मिलकर एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। पैसे देने से मना किया तो उसे डराने के लिए हवाई फायर भी किए थे।
पकड़े गए आरोपियों का आपराधिक इतिहास
जुनावई पुलिस की टीमों द्वारा गिरफ्तार किए गए ग्राम दबथरा निवासी अंकित उर्फ दिपेंद्र के खिलाफ जुनावई थाने में ही विभिन्न आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने में पांच मुकदमे दर्ज हैं। अवधेश उर्फ उपदेश कुमार निवासी अजीजपुर हरलाल के खिलाफ जुनावई थाने में चार और गुन्नौर थाने में दो मुकदमे दर्ज हैं।
बहजोई की यादव कॉलोनी के रहने वाले प्रिंस के खिलाफ बहजोई थाने में तीन व जुनावई में दो मुकदमे दर्ज हैं। इसी मोहल्ले के कुलदीप जडे़जा के खिलाफ बहजोई में दो व जुनावई में एक रिपोर्ट दर्ज है। बहजोई के बिजली घर कालोनी अमन शर्मा के खिलाफ बहजोई में तीन व जुनावई में एक केस दर्ज है। इसी तरह नगला डुमाइल के रहने वाले अभियुक्त सुरेंद्र के खिलाफ जुनावई थाने में दो मुकदमे दर्ज हैं।