Sambhal Lok Sabha seat: 16.11 लाख मतदाता 1648 बूथों पर करेंगे मतदान, आचार संहिता के उल्लंघन का ऑनलाइन शिकायत
संभल लोकसभा सीट पर सात मई को मतदान होगा। इसके लिए सभी प्रकार की तैयारी की जा रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि आचार संहिता उल्लंघन की जांच 100 घंटे के भीतर कर कार्रवाई की जाएगी। चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से निपटाने के लिए चार आरओ समेत 26 स्टेटिक सर्विलांस टीम लगातार निगरानी करेंगी।
विस्तार
आचार संहिता लागू होने के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि संभल लोकसभा संसदीय सीट पर सात मई को मतदान होगा। कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि चुनाव शांतिपूर्वक ओर निष्पक्ष से कराने हैं। आमजन से अपील की कि यदि कही आचार संहिता का उल्लंघन हो तो फोटो और वीडियो बनाकर ई-विजिल एप पर शिकायत करें।
100 घंटे के अंदर जांच कर अवश्य कार्रवाई होगी। बहजोई कलक्ट्रेट में लोकसभा चुनाव को लेकर मीडिया से वार्ता करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि जिले में संभल, गुन्नौर, चंदौसी, असमोली व आंशिक बिलारी विधानसभा क्षेत्र में है।
इनमें करीब 1648 बूथ हैं और इन बूथों पर लोकसभा चुनाव में 16.11 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। चुनाव आचार संहिता के तुरंत बाद ही सरकारी भवन व सार्वजनिक स्थानों से प्रचार सामग्री हटाई जा रही है। सरकारी उपलब्धियों के दिखानों पर रोक लगा दी है।
उन्होंने बताया कि चुनाव की तैयार पहले से की गई थी। संभल लोकसभा सीट के लिए पांच आरओ व बदायूं लोकसभा सीट की गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र के लिए एक आरओ नियुक्त किया गया है। वाहनों की चेकिंग की जा रही है तथा राजनीतिक गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
संभल लोकसभा सीट, चुनाव प्रक्रिया:
- नामाकंन- 12 अप्रैल से 19 अप्रैल शाम तीन बजे तक,
- नामाकंन पत्रों की जांच- 20 अप्रैल
- नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन- 22 अप्रैल
- मतदान - सात मई
- मतगणना- चार जून से
ये टीम कर रही निगरानी:
- जोनल मजिस्ट्रेट- 14
- सेक्टर मजिस्ट्रेट- 142
- उडन दस्ते- 13
- सेक्टर सर्विलांस टीम- 13
- वीडियो सर्विलांस टीम- 12,
- कंट्रोल रूम वीडियो सर्विलांस टीम- चार
संभल लोकसभा सीट पर हैं 18.92 मतदाता
संभल लोकसभा क्षेत्र में पांच विधान सभा आती हैं। इनमें संभल, असमोली, चंदौसी, बिलारी व कुंदरकी शामिल हैं। इन पांचों विधानसभा क्षेत्र में 18.92 लाख मतदाता हैं। वही संभल जिले की बात करें, तो इसमें चार विधानसभा व आंशिक बिलारी क्षेत्र में हैं। संभल जिले की इन पांचों विधानसभाओं में कुल 16.11 लाख मतदाता हैं। जो इस लोकसभा चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
विधानसभा क्षेत्र पुरुष महिला थर्ड जेंडर कुल
बिलारी आंशिक 29665 25324 02 54991
चंदौसी 208442 183072 35 391549
असमोली 202847 175993 25 378825
संभल 199496 172950 37 372483
गुन्नौर 221689 191837 45 413571
कुल 862139 749136 144 1611419
जिले 14 जोनल व 142 सेक्टर में बांटा, अधिकारी नियुक्त
लोकसभा चुनाव के लिए संभल जिले में 896 मतदान केंद्रों पर 1648 बूथ बनाए गए हैं। सुरक्षा की दृष्टि व चुनाव शांतिपूर्वक कराने के लिए जिले को 14 जोन व 142 सेक्टरों में बांटा गया है। इसके लिए जोनल मजिस्ट्रेट व सेक्टर मजिस्ट्रेट भी नियुक्त कर दिए गए हैं।
कंट्रोल रूप के नंबर
चुनाव आचार संहिता के लिए बहजोई कलक्ट्रेट में कंट्रोल रूम में बनाया गया है। कंट्रोल रूप के फोन 05921- 297201, इसके अलावाव 297203, 297204, 297205, 297206 हैं। कंट्रोल रूम 24 घंटे चालू रहेगा। इसके अलावा चुनाव आयोग के ट्रोल फ्री नंबर 1950 पर भी शिकायत कर सकते हैं।
प्रचार या जुलूस में चल सकेंगे केवल पांच वाहन
प्रत्याशी को प्रचार या जुलूस के दौरान पांच वाहन ही एक साथ लेकर सकते हैं। इनकी भी पहले परमिशन करानी होगी। अन्य परमिशन लिए गए वाहन आधा घंटे के अंतराल पर गुजर सकेंगे।
556 क्रिटिकल बूथ, पुलिस की रहेगी अतिरिक्त निगरानी
संभल जिले में 556 बूथ क्रिटीकल श्रेणी में हैं। इनकी सूचना विभाग चुनाव आयोग को दी गई है। वही वर्नेवल बूथों चिह्नित किए गए हैं। उनकी सूचना भी भेजी रही है। संभल जनपद में 896 मतदान केंद्रों पर 1648 बूथ बनाए गए हैं। पिछले चुनावों और आपसी विवादों को देखते हुए पुलिस ने इनमें से 203 मतदान केंद्रों के 556 बूथों को क्रिटीकल श्रेणी में रखा है।
जहां किसी भी तरह के विवाद की आशंका है। इसके साथ ही अभी तक पुलिस ने गत लोकसभा चुनाव को देखते हुए आवश्यक पुलिस बल की डिमांड की है। इसमें करीब 18 कंपनी पीएसी की है और 4000 बाहरी जनपदों से आने वाला पुलिस बल है।
सीसीटीवी कैमरे से रखी जाएगी नजर
एसपी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि संभल जनपद की सीमा के बॉर्डर के मार्गों क 16 प्वाइंट चिह्नित किए हैं। इन स्थानों पर चेकिंग शुरू कर दी गई है। इसके अलावा संभल जनपद में ग्रामीण क्षेत्र के 25 मार्ग संवेदनशील हैं। इन मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। पुलिस लाइन में बने कंट्रोल रूप से इन स्थानों की निगरानी की जा रही है। वही थानों की सीमाओं पर जिले के अंदर 62 बैरियर बनाए गए हैं। इन सभी स्थानों पर चेकिंग लगाता जारी रहेगी।
सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार व भ्रामक पोस्ट करने पर होगी कार्रवाई: एसपी
एसपी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि सोशल मीडिया पर अलग से सोशल मीडिया सेल निगरानी के लिए लगाई है। कोई भी व्यक्ति, मीडिया संस्थान , प्रत्याशी या उससे जुड़ा व्यक्ति सोशल मीडिया पर सूचना डालने से पहले स्वयं उसकी सत्यता की जांच कर लें। कोई भी भ्रामक सूचना, दुष्प्रचार, साम्प्रदायिकता से संबंधित पोस्ट सोशल मीडिया पर डाली जाती है, तो संंबंधित सोशल मीडिया अकाउंट को डिलीट, शट डाउन, या डेड डाउन किया जा सकता है। संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।