Sambhal : चंदौसी में शीतगृह की छत गिरी, पांच मजदूरों की जान गई, 15 के दबे होने की आशंका
Cold Storage Roof Collapse in Sambhal: उस वक्त करीब 30 मजदूर भीतर थे। 15 घंटे की मशक्कत के बाद 15 मजदूरों को बाहर निकाला जा सका, जिनमें से पांच की मौत हो गई। 15 और मजदूरों के दबे होने की आशंका है। देर रात तक एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, दमकल की टीमें बचाव में लगी रहीं।
विस्तार
बृहस्पतिवार की सुबह इस्लाम नगर रोड स्थित एआर कोल्ड स्टोर के एक हिस्से की छत भरभरा कर गिर गई। उस वक्त करीब 30 मजदूर भीतर थे। 15 घंटे की मशक्कत के बाद 15 मजदूरों को बाहर निकाला जा सका, जिनमें से पांच की मौत हो गई। 15 और मजदूरों के दबे होने की आशंका है। देर रात तक एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, दमकल की टीमें बचाव में लगी रहीं। देर रात एक बजे तीसरे और 1.45 बजे चौथे मजदूर का शव मलबे से बाहर निकाला गया जबकि घायल इश्तियाक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शीतगृह में सुबह से आलू भरने का काम किया जा रहा था। शीतगृह के कुछ समय पहले बने नए हिस्से में करीब 30 मजदूर आलू के बोरे रैक पर रख रहे थे। क्षमता से अधिक आलू भरने से करीब 11 बजे एक रैक गिर पड़ी। काम में लगे मजदूर संभल पाते कि इससे पहले ही छत भी गिर गई। मजदूर छत के मलबे और आलू के बोरों में दब गए। परिसर में मौजूद अन्य मजदूर मदद के लिए दौड़े लेकिन साथियों तक पहुंचने का रास्ता न होने से असहाय बनकर रह गए।
करीब आधे घंटे बाद पुलिस और दमकल टीमों ने राहत और बचाव की कोशिशें शुरू कीं। मजदूरों तक पहुंचने का रास्ता बनाने के लिए 12 जेसीबी, आठ हाइड्रा काम पर लगाई गईं। दोपहर बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी पहुंच गईं। मशीनों से मलबा हटाकर रात 1.45 बजे तक 15 मजदूरों को बाहर निकाला जा सका, जिनमें से पांच को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य को इलाज के लिए भेजा गया। डीएम मनीष बंसल ने मामले की जांच एडीम के नेतृत्व में प्रशासन की टीम को सौंप दी है।
मृतक और घायलों के नाम
गांव एतोल निवासी रोहताश उर्फ टीटी (28), बर्रई गांव के राकेश (30) और इश्तियाक (30) निवासी मई की मौत हो गई। दो मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। महेश (30), सूरज (30), किशोरी (26), भूरे (26) निवासी एतोल, राममोहन (32), प्रेम (27) निवासी कैथल, मनोज (28) निवासी बर्रई, रूप सिंह (35), अरुण (30) निवासी रामनगर, राजेंद्र (30) निवासी बर्रई घायल हैं। गंभीर घायलों को मुरादाबाद के टीएमयू में भर्ती कराया गया है।
गुस्साए लोगों ने की तोड़फो़ड़
मजदूरों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने शीतगृह संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। गुस्साए लोगों ने संचालक के केबिन में तोड़फोड़ शुरू कर दी। रोकने की कोशिश पर लोगों की पुलिस से नोकझोंक होने लगी। अधिकारियों ने राहत कार्य को प्राथमिकता बताते हुए लोगों को शांत किया।
संचालकों पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा
डीआईजी शलभ माथुर ने बताया कि शीतगृह संचालक चंदौसी के सुंदर मोहल्ला निवासी अंकुर अग्रवाल और रोहित अग्रवाल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या (304) में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई मृतक रोहताश के पिता भूरे की तहरीर पर की है। प्रकरण की जांच जारी है। ब्यूरो