बनियाठेर थाना क्षेत्र के गांव अशोक नगर में विद्युत चेकिंग के दौरान दबंग ने संविदा कर्मचारियों के साथ अभद्रता कर राइफल तान दी। गांव में दोबारा दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी दी। दहशतजदा कर्मचारी बिना चेकिंग ही लौट गए। कर्मचारियों ने आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
विद्युत उपकेंद्र के संविदा कर्मचारी बुधवार दोपहर बनियाठेर थाना क्षेत्र के अशोक नगर में बकाया बिजली बिल वसूली के लिए चेकिंग अभियान चला रहे थे। कर्मचारियों का आरोप है कि दोपहर 1.10 बजे एक व्यक्ति अपने घर से बाहर आया और चेकिंग अभियान को बेमतलब बताते हुए संविदा कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने लगा। समझाने पर आरोपी घर से राइफल निकाल लाया और कर्मचारियों पर तान कर जान से मारने की धमकी देने लगा। इस दौरान आसपास के कुछ लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया लेकिन, वह अभद्रता करते रहा। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने आगे से किसी विद्युत कर्मचारी के दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद कर्मचारी वहां से लौट गए। घटना को लेकर विद्युत संविदा कर्मचारी जैनुल, मुकेश कुमार, मोईन खान, दिवाकर मित्तल, अदनान अली, धर्मेंद्र सिंह, विवेक कुमार ने तहरीर देकर आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
बुधवार को हाईडिल बिजली घर की टीम बनियाठेर क्षेत्र के अशोक नगर में बकाया बिजली बिल वसूली करने गई थी। तभी एक व्यक्ति ने टीम के साथ अभद्रता की। राइफल तान कर जान मारने की धमकी। आरोपी के इस कृत्य से सरकारी कार्य में बाधा हुई। संविदा कर्मचारियों ने आरोपी के विरुद्ध तहरीर दी है।
- वरुण कुमार, जेई, विद्युत विभाग, चंदौसी