माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गुलाब देवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भगवान का अवतार बताया। बोलीं, भगवान ने उन्हें अपने प्रतिनिधि के रूप में भेजा है। वो चाहें, तो जब तक जीवन है, वह प्रधानमंत्री बने रहेंगे। मंत्री गुलाब देवी का यह बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
बुधवार को माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गुलाब देवी चंदौसी में सीता रोड स्थित गणेश मंदिर पर गणेश चौथ मेला संस्थापक डॉ. गिरिराज किशोर गुप्ता की प्रतिमा का अनावरण करने गईं थीं। कार्यक्रम के बाद बातचीत के दौरान सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क द्वारा लगातार विवादित बयान दिए जाने के मामले में कहा कि यह लोकतांत्रिक देश है। सभी को अपनी बात बोलने का, कहने का अधिकार हैं। मोदी एक अवतार के रूप में हैं। उनका मुकाबला कोई नहीं कर सकता है। अगर वो चाहें, तो जब तक उनका जीवन है, वह प्रधानमंत्री रहेंगे। मैं कहती हूं कि वह अवतार हैं। भगवान ने उन्हें अपने प्रतिनिधि के रूप में भेजा है। वह जब जो चाहें करा देते हैं। वह चाहते हैं, तो घंटा बजवा देते हैं, वह चाहते हैं तो मजीरा बजवा देते हैं। कुछ भी करा लेते हैं। उनकी जो बात है, जो शब्द निकलते हैं, पूरा हिंदुस्तान उन्हें मानता है। इससे बड़ी ओर क्या बात हो सकती है। राज्य मंत्री गुलाब देवी का यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।