सियासत के साइड इफेक्ट: खेत से लौट रहा था किसान, आरोपियों ने पीट-पीटकर मार डाला, पढ़ें- क्या है पूरा मामला
सीओ गुन्नौर, देवेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि आपस में पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसको लेकर रात में विवाद हुआ और वीरपाल के साथ मारपीट की थी। बाद में उसकी मौत हो गई। परिजनों की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। अभी आरोपी घर से फरार हैं।
विस्तार
गुन्नौर क्षेत्र के गांव गढ़िया में बीडीसी (क्षेत्र पंचायत सदस्य) चुनाव को लेकर चली आ रही रंजिश में शनिवार रात खेत से लौट रहे किसान पर दूसरे पक्ष ने लाठी डंडों से हमला कर फरार हो गए। शोर सुनकर पहुंचे आसपास के लोग व परिजनों ने उसे सीएचसी भर्ती कराया। वहां से अलीगढ़ ले जाते समय उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता ने चुनाव की रंजिश के चलते हत्या करने का आरोप लगाया है। अभी तक पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
थाना गुन्नौर क्षेत्र के गांव गढ़िया में निवासी किसान वीरपाल सिंह ने बीडीसी (क्षेत्र पंचायत सदस्य) चुनाव का चुनाव लड़ा था और जीत गए थे। गांव का ही दूसरा पक्ष हार गया था। इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष से रंजिश चली आ रही थी।
परिजन वीरपाल को लेकर सीएचसी गुन्नौर पहुंचे। वहां से उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया। अलीगढ़ जाते समय रास्ते ही वीरपाल की मौत हो गई। मृतक वीरपाल के पिता राजपाल सिंह का आरोप है कि बीडीसी चुनाव में आरोपी पक्ष हार गया था। तभी से वह रंजिश रखते थे। इसी कारण उन्होंने वीरपाल की पीट-पीटकर हत्या की है। सूचना पर पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।