पत्नी के चरित्र पर शक: नाजायज औलाद मानकर पिता ने ही बेटे की हत्या की, एक KM दूर खेत में फेंका शव
आरोपी की निशानदेही पर बालक का शव गांव से करीब एक किलोमीटर दूर गन्ने के खेत में पड़ा मिला। बालक के शरीर पर किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं थे।
विस्तार
संभल के चंदौसी क्षेत्र के गांव सैंजनी में दो दिन पहले घर से निकले बालक रजत (छह) का शव आबादी से करीब एक किलोमीटर दूर जंगल में गन्ने के खेत में मिला। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र पंवार ने बताया कि बालक की हत्या पिता ने ही गला दबाकर की है। आरोपी पत्नी पर शक करता था तथा बेटे के नाजायज औलाद मानता था।
सूचना पर एडीजी बरेली पीसी मीना, एसपी संभल चक्रेश मिश्र ने मौका मुआयना किया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। चंदौसी के गांव सैंजनी निवासी धर्मेश ने गुरुवार को कोतवाली में बेटे रजत के गायब होने की तहरीर थी। पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। शाम को पुलिस ने गांव में पूछताछ की थी। इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार पवार ने बताया कि जानकारी करने पर शक बालक के पिता की ओर गया।
शुक्रवार को पुलिस ने धर्मेश से सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपने बेटे की हत्या कबूल कर ली। इसके बाद ग्रामीणों को साथ लेकर आरोपी की निशानदेही पर दोपहर 12 :45 बजे बालक का शव गांव से करीब एक किलोमीटर दूर किसान सियाराम के गन्ने के खेत में पड़ा मिला। बालक के शरीर पर किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं थे।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने गला दबाकर बेटे की हत्या की है। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, टीम ने साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस आरोपी पिता को पकड़कर कोतवाली ले आई है। हालांकि पुलिस ने हिरासत में नहीं दिखाया है। इस मौके पर सीओ बहजोई प्रदीप कुमार, चंदौसी कोतवाली, थाना बनियाठेर पुलिस मौके पर रही।
बालक का शव मिलने के बाद एडीजी पीसी मीणा व एसपी चक्रेश मिश्र शाम करीब साढ़े चार बजे गांव पहुंचे। ग्रामीणों को साथ लेकर घटना स्थल का मुआयना किया तथा बालक के दादा रामौतार से जानकारी ली।
बालक का शव गन्ने के खेत में मिला है। उसके पिता ने ही गला दबाकर हत्या की है। आरोपी पत्नी पर शक करता था और बालक को अपना बेटा नहीं मानता था। इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। -दीपक तिवारी, सीओ चंदौसी