UP: छेड़छाड़ के बाद चंदौसी में सांप्रदायिक तनाव, पुलिस ने पथराव करने वाले तीन आरोपियों को हिरासत में लिया
पुलिस ने किशोरी के मौसेरे भाई की तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है तथा तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि तनाव को देखते हुए पुलिस ने गांव में एहतियातन दरोगा समेत सिपाहियों की तैनाती की है।
विस्तार
अमरोहा के बनियाठेर क्षेत्र के गांव में खेत पर जा रही 17 वर्षीय किशोरी से दूसरे समुदाय के युवक ने छेड़खानी कर दी। किशोरी के भाई ने विरोध किया तो आरोपी युवक के परिजन लाठी-डंडे लेकर आ गए। आरोपियों ने मारपीट के बाद पथराव किया। झगड़े में किशोरी पक्ष के पांच लोग चोटिल हो गए।
पुलिस ने किशोरी के मौसेरे भाई की तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है तथा तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना बनियाठेर क्षेत्र के गांव निवासी युवक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी मौसेरी बहन बुधवार की दोपहर खेतों की ओर किसी काम से जा रही थी।
घर के पास ही पड़ोसी इकबाल ने उसकी मौसेरी बहन के साथ छेड़खानी करते हुए उसका हाथ पकड़ लिया। उसकी बहन ने शोर मचाया तो वह और अन्य परिजन दौड़कर कर गली में आ गए। उन्होंने आरोपी इकबाल के सामने छेड़खानी का विरोध जताया। इस बात पर आरोपी युवक के परिजन एकत्र हो गए और लाठी-डंडे लेकर आ गए।
आरोपियों ने सभी परिजनों को घेर लिया और मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने उनके ऊपर पथराव किया। शोर मचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। मारपीट व पथराव में किशोरी, की मौसी , बहन, मौसरे भाई और बाबा के चोट आई।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गए। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी चंदौसी लाया गया। इसके बाद पुलिस ने किशोरी के मौसेरे भाई की तहरीर पर बलवा, मारपीट, पथराव , छेड़खानी, पॉक्सो, एससीएसटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी इकबाल, उसके भाई चमन, पिता अल्लाबख्श, अल्लानूर, असगर उर्फ छोटे, रिजवान, गुड्डू, इल्यास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी इकबाल, असगर उर्फ छोटे, गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद एएसपी श्रीश्चंद्र, सीओ डॉ. प्रदीप कुमार मौके पर गए और वहां की स्थिति का जायजा लिया।
गांव में पुलिस तैनात
दो समुदाय का मामला होने पर पुलिस ने गांव में एहतियात के तौर पर एक दरोगा, दो सिपाही की ड्यूटी लगा दी है। किशोरी व आरोपी युवक का घर पास पास है। यहां 24 घंटे पुलिस की तैनाती की गई है।
आरोपी युवक की सूचना पर फाटक से एकत्र होकर पहुंचे थे आठ-दस युवक
किशोरी के भाई ने छेड़खानी करते हुए आरोपी इकबाल को देख लिया था। इकबाल के साथ रिजवान भी था। किशोरी के भाई ने आरोपी इकबाल से आपत्ति जताई थी। इकबाल के साथी रिजवान ने इसकी सूचना फाटक के पास रहने वाले परिचितों को दे दी थी। वहां से आठ-दस युवक मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ही मारपीट व पथराव किया।
बनियाठेर के गांव में छेड़खानी के विरोध में मारपीट की घटना हुई है। कुछ लोग चोटिल हुए हैं। परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है तथा तीन आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
श्रीश्चंद्र, एएसपी संभल