चंदौसी(संभल)। एसएम इंटर कॉलेज के मैदान पर आयोजित तीन दिवसीय मंडलीय माध्यमिक विद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता के ओवरऑल सभी वर्गों में अमरोहा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम की। विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथियों ने सम्मानित किया। शुक्रवार को एसएम इंटर कॉलेज में आयोजित एथलेटिक्स प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि सीओ मनोज कुमार सिंह, कोतवाली प्रभारी मोहित चौधरी व डीआईओएस सर्वेश कुमार रहे। प्रतियोगिता के बालक वर्ग की व्यक्तिगत चैंपियनशिप के सीनियर वर्ग में अमरोहा के हिमांशु और सब जूनियर वर्ग में रामपुर के अर्जुन विजेता रहे। सीनियर वर्ग में अमरोहा, जूनियर वर्ग में बिजनौर और सब जूनियर वर्ग में रामपुर की टीम विजयी रही। बालिका वर्ग की व्यक्तिगत चैंपियनशिप के सीनियर वर्ग में मुरादाबाद की आशी प्रथम, बिजनौर की प्राची द्वितीय और अमरोहा की ज्योति तृतीय स्थान पर रहीं। जूनियर वर्ग में अमरोहा की छाया और सब जूनियर वर्ग में भी अमरोहा की ही जाह्नवी प्रथम रहीं।
सीनियर बालिका वर्ग में मुरादाबाद, जूनियर और सब जूनियर वर्ग में अमरोहा की टीम विजयी रही। त्रिकूद प्रतियोगिता के जूनियर बालक वर्ग में बिजनौर में शक्ति सिंह प्रथम, अमरोहा के यशप्रीत द्वितीय और संभल के जीशान तृतीय स्थान पर रहे। सीनियर बालिका वर्ग में बिजनौर की श्रुति प्रथम, मुरादाबाद की अंजु द्वितीय और अमरोहा की प्रियंका तृतीय स्थान पर रहीं। सभी विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संयोजक दयाशंकर, प्रधानाचार्य राजेश गुप्ता, अंजू गुप्ता, मंडलीय क्रीड़ा सचिव वंश बहादुर, जिला क्रीड़ा सचिव सचिन शर्मा, संजीव कुमार, सीपी सिंह, वीर सिंह, मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।