जंगल में घूम रहे आवारा गोवंशों को एक समुदाय के लोगों के द्वारा पड़ोसी के खेत में करने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले। इसमें दो महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के 12 लोगों को नामजद करते हुए 18 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव कैली में सोमवार की शाम करीब पौने छह बजे जंगल में घूम रहे आवारा गोवंशों को एक समुदाय के लोगों ने पड़ोसी के खेत में कर दिया। इसे लेकर दो समुदायों के लोगों में कहासुनी के बाद गाली-गलौज शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी-डंडे से चल पड़े। इसमें सोमवती, गोवती, गौरीशंकर, धर्म सिंह और अल्लीपुर खुर्द के निवासी मुस्तकीम गंभीर रूप से घायल हो गए। गौरी शंकर ने पुलिस को बताया कि जंगल में घूम आवारा गोवंशों को जबरदस्ती धान के खेत में कर दिया था। इसका विरोध करने पर अल्लीपुर खुर्द निवासी सलीम के पुत्र समीर से कहासुनी हो गई। जिसके बाद लाठी-डंडे और चाकू से जान से मारने का प्रयास किया गया। वहीं, अल्लीपुर खुर्द निवासी सलीम ने पुलिस को बताया कि मेरे भाई, भतीजा और चाचा धान की फसल में स्प्रे करने के लिए गए थे। आवारा गोवंश खेत में घुस आए थे, जिन्हें भगा दिया गया था। पड़ोसी ने इसे लेकर विवाद किया। जिसमें मारपीट हुई। पुलिस ने मोहम्मद सलीम की तहरीर पर गौरीशंकर, धर्म सिंह, राधेश्याम, भूरे, रोहित, नन्हे, राजवीर और दस अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जबकि दूसरे पक्ष के गौरीशंकर की तहरीर पर मुस्तकीम, इब्राहीम, मुस्लिम, समीर और सात-आठ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।