दर्दनाक: थ्रेसर मशीन से कटी लकड़ी व्यापारी की गर्दन, मंजर देख सहम उठे लोग, ऐसे हुआ था हादसा
Saharanpur News : सहारनपुर में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। हाईवे पर ट्रैक्टर से टकराने के बाद लकड़ी व्यापारी की थ्रेसर मशीन से गर्दन कट गई, जिससे उसकी मौत हो गई। यह दर्दनाक मंजर देख लोग सहम उठे।
विस्तार
सहारनपुर जनपद के रामपुर मनिहारान में सहारनपुर-दिल्ली हाईवे पर मंगलवार सुबह बाइक सवार लकड़ी व्यापारी की ट्रैक्टर से टकराने के बाद थ्रेसर मशीन में फंसने से गर्दन कट गई, जिसकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। इस दौरान उसकी बाइक में भी आग लग गई। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंच आग पर काबू पाया।
रामपुर मनिहारान के मोहल्ला बाजार कला निवासी सुमित गुप्ता (35) पुत्र भूषण लाल गुप्ता मल्हीपुर गांव में लकड़ी की दुकान चलाता था। सुबह करीब नौ बजे वह बाइक पर सवार होकर मल्हीपुर के लिए निकला था। दिल्ली हाईवे पर जन्धेडा के पास गलत दिशा से आ रही ट्रैक्टर से उसकी टक्कर हो गई। ट्रैक्टर से टकराकर उसके पीछे लगी थ्रेसर मशीन में फंसने से सुमित की गर्दन कट गई। वह लहुलूहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। इसी बीच उसकी बाइक में भी आग लग गई।
वहीं, हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। जानकारी मिलने पर व्यापारी के परिजन मौके पर पहुंचे, जो घायल को अस्पताल लेकर जाने लगे, लेकिन बीच रास्ते में व्यापारी ने दम तोड़ दिया। मौके का फायदा उठाकर आरोपी चालक ट्रैक्टर समेत वहां से भाग निकला।
यह भी पढ़ें: CM Yogi Road Show Meerut: सीएम योगी का रोड शो शुरू, झलक पाने को बेताब दिखे लोग, कड़े सुरक्षा इंतजाम
थाना अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। ट्रैक्टर चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।
यह भी पढ़ें: Mayawati Rally: हाजी याकूब ने मायावती को भेंट किया सोने का मुकुट, नारों से गूंज उठा मैदान, देखें तस्वीरें