{"_id":"6b0ac59d7e326bd018094e24","slug":"west-up-news-bulletin-imran-masood-targets-centre-over-delimitation-mda-demolition-in-uldepur-meerut-pollut-2026-11-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"वेस्ट यूपी की बड़ी खबरें: परिसीमन पर इमरान मसूद का हमला, उल्देपुर में 10 जेसीबी से ध्वस्तीकरण, प्रदूषण का कहर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
वेस्ट यूपी की बड़ी खबरें: परिसीमन पर इमरान मसूद का हमला, उल्देपुर में 10 जेसीबी से ध्वस्तीकरण, प्रदूषण का कहर
Sat, 28 Nov 2026 05:45 PM IST
Dimple Sirohi
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहारनपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहारनपुर
Published by: Dimple Sirohi
Updated Sat, 28 Nov 2026 05:45 PM IST
सार
परिसीमन विधेयक पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सरकार को घेरा तो मेरठ के उल्देपुर में सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से पहले 10 जेसीबी से ध्वस्तीकरण हुआ। मुजफ्फरनगर में किशोरी को नहर में फेंकने के आरोप और विवाहिता की मौत के मामले सामने आए। वहीं, मेरठ के चार क्रिकेटरों ने आईपीएल नीलामी के लिए पंजीकरण कराया और शहर का एक्यूआई 320 दर्ज हुआ।
विज्ञापन
वेस्ट यूपी से खास खबरें, मेरठ न्यूज बुलेटिन
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
वेस्ट यूपी में राजनीतिक बयानबाजी से लेकर अपराध, खेल और प्रदूषण तक कई अहम खबरें सामने आई हैं। सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद ने परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। मेरठ के उल्देपुर में एमडीए ने 10 जेसीबी से अवैध निर्माण ध्वस्त किए। मुजफ्फरनगर में किशोरी को नहर में फेंकने के आरोप और विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला चर्चा में रहा। उधर, मेरठ के चार क्रिकेटरों ने आईपीएल नीलामी के लिए पंजीकरण कराया और शहर की हवा देश के सबसे प्रदूषित शहरों में दूसरे स्थान पर रही।
विज्ञापन
परिसीमन पर इमरान मसूद का हमला, संविधान से छेड़छाड़ का आरोप
परिसीमन विधेयक को केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी मिलने के बाद सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन के बहाने देश में प्रतिनिधित्व के स्वरूप में हेरफेर करने की कोशिश हो रही है। मसूद ने कहा कि संविधान भारत की आत्मा है और उसके मूल स्वरूप के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। उनके मुताबिक, पिछले 12 वर्षों से इसी तरह का चलन देखने को मिल रहा है।
विज्ञापन
उल्देपुर में 10 जेसीबी से ध्वस्तीकरण, ग्रामीण ने किया विरोध
सुप्रीम कोर्ट में 9 दिसंबर को होने वाली सुनवाई से पहले मेरठ के उल्देपुर में एमडीए ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में 10 जेसीबी मशीनों से अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए। कार्रवाई के दौरान कॉलोनी में लगे बिजली के पोल हटाने पर ग्रामीण छोटू ने विरोध जताया। उनका कहना था कि इन पोलों से गांव के तीन नलकूपों के विद्युत तार भी जुड़े हैं। पुलिस और एमडीए की टीम ने उन्हें समझाकर शांत कराया।
विज्ञापन
पिता और सौतेली मां पर किशोरी को नहर में फेंकने का आरोप
मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी शीबा को उसके पिता और सौतेली मां पर गंगनहर में फेंकने का आरोप लगा है। किशोरी ने जौली के निकट सूखे पेड़ को पकड़कर शोर मचाया। इसके बाद ग्रामीणों और पुलिस ने उसे नहर से बाहर निकाला। मामले में किशोरी के चाचा ने पिता और सौतेली मां के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
शादी के 10 महीने बाद विवाहिता की मौत, पति पर हत्या का आरोप
मुजफ्फरनगर के ककरौली थाना क्षेत्र के भुवापुर गांव में 25 वर्षीय अंजू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार देर रात वह घर की छत पर लगे कुंडे से फंदे पर लटकी मिली। पति उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष ने पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
दंगल में क्यूबा के यूशेन्की ने जीती तीन लाख की कुश्ती
मुजफ्फरनगर के मुस्तफाबाद पचेंडा में 35वें विशाल दंगल के पहले दिन क्यूबा के 110 किलो के पहलवान यूशेन्की ने हरिद्वार के उमंग को हराकर तीन लाख रुपये की कुश्ती जीती। बसेड़ा की वंशिका पहलवान ने भी पुरुष पहलवान को हराकर मुकाबला अपने नाम किया। आयोजकों के अनुसार, शनिवार को पांच लाख रुपये की इनामी कुश्ती आयोजित की जाएगी।
दहेज लेने से किया इनकार, सिर्फ एक रुपया और नारियल स्वीकार किया
सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र के गांव मोहनपुरा उर्फ मैनपुरा निवासी यूपी पुलिस के सिपाही सीमांत ने अपनी शादी में दहेज लेने से इनकार कर दिया। तिलक के दौरान वधू पक्ष की ओर से दिए जा रहे 1.51 लाख रुपये और सगाई पर प्रस्तावित 5.51 लाख रुपये उन्होंने ठुकरा दिए। सीमांत और उनके पिता ने केवल एक रुपया और नारियल स्वीकार किया। उनकी शादी शामली के गांव कंडेला उर्फ शेखूपुर निवासी शिवानी से हुई।
आईपीएल नीलामी में मेरठ के चार खिलाड़ियों की दावेदारी
आईपीएल 2027 की नीलामी के लिए मेरठ के चार क्रिकेटरों ने पंजीकरण कराया है। इनमें तेज गेंदबाज विजय कुमार और विनीत पंवार के साथ बल्लेबाज प्रियम गर्ग और ऋतुराज शर्मा शामिल हैं। अब चारों को अंतिम सूची में जगह मिलने का इंतजार है। नीलामी 16 दिसंबर को गोवा में होगी।
मेरठ-पौड़ी हाईवे पर हादसा, पिता-पुत्री की मौत
मेरठ-पौड़ी हाईवे पर कार की टक्कर से बाइक सवार 28 वर्षीय छोटू शर्मा और उनकी आठ वर्षीय बेटी परी की मौत हो गई। हादसे में उनके चचेरे भाई अभिषेक और छह वर्षीय बेटी पलक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहन इंचौली थाने में खड़े हैं।
बागपत में एजुकेशन फेयर, 21 विश्वविद्यालयों ने दी जानकारी
बागपत के वाजिदपुर स्थित एक विवाह मंडप में एजुकेशन फेयर आयोजित किया गया। इसमें सुभारती, आईआईएलएम समेत 21 विश्वविद्यालयों के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों और करियर के विकल्पों की जानकारी दी। शिक्षकों ने इंटरमीडिएट के बाद रोजगारपरक कोर्स चुनने और करियर बनाने के सुझाव भी दिए।
मेरठ देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर, एक्यूआई 320
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को मेरठ 273 शहरों में दूसरा सबसे प्रदूषित शहर रहा। यहां एक्यूआई 320 दर्ज किया गया, जबकि एमआईईटी कॉलेज केंद्र पर यह 368 तक पहुंच गया। धीमी हवा और स्मॉग के बीच चिकित्सकों ने सांस और आंखों से जुड़ी परेशानियों को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी। ठंड बढ़ने के साथ सुबह हल्का कोहरा भी छाने लगा है।
