Saharanpur Weather Update: सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा बुधवार, पारा चार डिग्री सेल्सियस हुआ
सहारनपुर जनपद में सर्दी का असर बढ़ने से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। देहात क्षेत्र में दृश्यता 20 मीटर तक रही, जिसकी वजह से दिन होने के बावजूद वाहन लाइट जलाकर धीमी गति से चलते नजर आए।
विस्तार
सर्दी लोगों के हाड़ कंपा रही है। मंगलवार को हल्की धूप निकलने के बाद बुधवार की सुबह फिर से घना कोहरा छाया रहा। हवा चलने के कारण तापमान में गिरावट रही।
न्यूनतम तापमान अभी तक के न्यूनतम स्तर चार डिग्री सेल्सियस पर आ गया। जिसके कारण बुधवार इस सीजन का अभी तक का सबसे सर्द दिन दर्ज किया गया। दोपहर के बाद हल्की धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत मिली, लेकिन शाम होते ही फिर से सर्दी का असर बढ़ गया।
सुबह घने कोहरे के कारण लोगों को सड़कों पर आवागमन में परेशानी रही। देहात क्षेत्र में दृश्यता 20 मीटर तक रही, जिसकी वजह से दिन होने के बावजूद वाहन लाइट जलाकर धीमी गति से चलते नजर आए।
कोहरे के साथ हल्की हवा चलने से भी सर्दी का असर अधिक रहा। इसकी वजह से जो न्यूनतम तापमान मंगलवार को पांच डिग्री सेल्सियस था वह गिरकर चार पर आ गया। अधिकतम तापमान भी जो मंगलवार को 18.1 डिग्री सेल्सियस था वह गिरकर 17.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में सुबह के समय घना कोहरा आने और दिन में हल्की धूप निकलने का अनुमान जताया है, साथ ही आगामी दिनों में सर्दी के और बढ़ने की आशंका जताई है।
शाम होते ही बाजारों में छंट रही भीड़
सर्दी का असर बाजार पर भी पड़ रहा है। ज्यादातर ग्राहक दोपहर के समय बाजार पहुंच रहे हैं, लेकिन शाम होते ही बाजारों से ग्राहकों की भीड़ छंट रही है। इसे व्यापारी भी मायूस हैं। हालांकि गर्म कपड़ों, जूतों, मोजों का बाजार गर्म है। लोग ब्रांडेड कपड़ों से लेकर सड़कों किनारे सेल में बिकने वाले कपड़ों की जमकर खरीदारी कर रहे हैं।