यूपी में होगी सबसे बड़ी कार्रवाई: हाजी इकबाल की 21 करोड़ से अधिक की संपत्ति की जाएगी जब्त, जानें पूरा मामला
एसएसपी का कहना है कि यूपी में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। जल्द ही खनन माफिया हाजी इकबाल की 21 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त की जाएगी।
विस्तार
सहारनपुर में पुलिस ने खनन माफिया हाजी इकबाल उर्फ बाला की बेनामी संपत्तियों को जब्त करने की तैयारी कर ली है। पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल ने अपने नौकर नसीम के नाम 50 बेनामी संपत्ति की है। जिनकी कीमत 21 करोड़ रुपये से अधिक की है।
एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि पुलिस ने बेहट क्षेत्र में इन बेनामी संपत्तियों को चिन्हित कर लिया है। जिनमें 600 बीघा जमीन भी शामिल है। जल्द ही गैंगेस्टर एक्ट 14(1) के तहत जब्त किया जाएगा। एसएसपी ने बताया कि यह प्रदेश में अब तक की सबसे बड़ी जब्तीकरण की कार्रवाई होगी।
खनन माफिया हाजी इकबाल ने अपने करीबी नौकर नसीम पुत्र अब्दुल गफ्फार उर्फ गफूर निवासी मिर्जापुर को अपनी करोड़ों की बेनामी संपत्ति का मालिक बना रखा है। वह तीन शुगर मिलों का मालिक है। हाजी इकबाल ने नसीम को लखीमपुर खीरी, गोरखपुर और सीतापुर की चीनी मिलों का डायरेक्टर बनाया है।
यह भी पढ़ें: अलविदा जुमे की नमाज फिर जमकर हंगामा: एक घंटे तक लगते रहे 'अल्लाह हू अकबर' के नारे, व्यापारियों ने दहशत में बंद कीं दुकानें, तस्वीरें
इसके अलावा उसके पास गोल्डन एग्रीकल्चर के नाम से 600 बीघा जमीन जो मिर्जापुर क्षेत्र के ही शाहपुर गाड़ा, फतेहपुर टांडा व सफीपुर गांव में स्थित है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में नसीम को 21 अप्रैल को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
यह भी पढ़ें: टूटा गमों का पहाड़: परिवार के तीन लोगों की मौत, शादी के चंद घंटों बाद गई दूल्हे की जान तो कहीं डांस करते हुए मौत, भावुक हैं तस्वीरें
एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि एसआईटी की जांच के उपरांत हाजी इकबाल द्वारा अपने नौकर के नाम की 50 बेनामी संपत्ति का पता चला है। जिनकी कीमत 21 करोड़ रुपये से अधिक है। पुलिस ने सभी बेनामी संपत्ति को चिन्हित कर लिया है। जल्द इन संपत्तियों को जब्त किया जाएगा। नसीम के नाम जो शुगर मिल है, वो दूसरे जिलों में है। यहां की संपत्ति जब्त करने के बाद इन शुगर मिलों को भी जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।