शौक बड़ी चीज है..., जिसे पूरा करने में समय और खर्च की हद नहीं देखी जाती। ऐसा ही शौक है फोटोग्राफी का। प्रकृति और वन्यजीवों के फोटो कैमरे में कैद करने का जुनून ऐसा है कि सैकड़ों किलोमीटर दूर तक चले जाते हैं। इंतजार करते हैं उस पल का, जिसे देखने की बेताबी रहती है। ऐसे अनेक फोटोग्राफर सहारनपुर जिले में हैं, जिनमें कोई 20 साल तो कोई 25 साल से जुड़ा है। इन्होंने अनेक ऐसे फोटो खींचे जो चर्चाओं में रहे। सहारनपुर से शिवालिक और उससे आगे के विशाल पहाड़ों की खींची गई फोटो भी बेहद खास रही हैं। विश्व फोटोग्राफी दिवस (19 अगस्त) पर ऐसे ही लोगों के बारे में रिपोर्ट...
शौक बड़ी चीज: फोटोग्राफी के जुनून में कैद कर लीं अविस्मरणीय तस्वीरें, देखकर आप भी करेंगे तारीफ
चूहे का शिकार करती किंगफिशर की फोटो है यादगार
पेशे से बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विवेक बनर्जी लंबे समय से फोटोग्राफी का शौक रखते हैं। वह बताते हैं कि रानीपुर रेंज की सफारी में छह साल पहले हाथी का फोटो खींचा। हाथी गस्से में था और चिंघाड़ कर हमारी जीप की तरफ भागा, लेकिन तब तक तस्वीर कैमरे में कैद हो चुकी थी। पुष्कर के मेले में खानाबदोश युवती की आकर्षक आंखों वाली तस्वीर के लिए ऑल इंडिया फोटोग्राफी कांटेस्ट फॉर डॉक्टर- डॉकलिक्स में पेडियाट्रिशियन में प्रथम स्थान मिला।
वहीं, चूहे का शिकार करती किंगफिशर की तस्वीर बाजोरिया मार्ग पर अपने नर्सिंग होम के सामने से खींची, जो लंदन के डेली मेल अखबार में भी प्रकाशित हुई।
हर की पौड़ी पर दीयों का विहंगम दृश्य
फोटोग्राफर अमित कक्कड़ पूर्व में 10 साल तक फाइनेंस सेक्टर में नौकरी कर चुके हैं। इसके बाद प्रोफेशनल तौर पर फोटोग्राफी करने लगे। वह बताते हैं कि हर की पौड़ी पर शाम के समय ली गई तस्वीर अविस्मरणीय रही, जिसमें श्रद्धालुओं की भीड़ के अलावा गंगा नदी में बहते दीये और आसपास हुई सजावट से विहंगम दृश्य मनमोहक था। इसके अलावा बिहारीगढ़ से पहले सोलानी नदी के पुराने पुल की तस्वीर भी बेहद शानदार रही, जिसमें पुल का हिस्सा पानी में दिख रहा था। मानसून का सीजन था, तो ऊपर आसमान में गोल्डन रंग के बादल आए।
सूरज और चांद को बैकग्राउंड में लेना पसंद
शोधार्थी राजीव उपाध्याय यायावर को प्रकृति से सीधे चित्र लेने में प्रवीणता है तो सूरज और चांद को बैकग्राउंड में लेकर फोटोग्राफी करना पसंद है। वह बताते हैं कि ऐतिहासिक धरोहरें भी कैमरे से संजोईं। स्ट्रीट लाइट के खंभे के निकट आते सूरज की तस्वीर भी यादगार है। उन्हें युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत नेहरू युवा केन्द्र द्वारा वर्ष 2012 में आयोजित राष्ट्रीय युवा फोटोग्राफी कैंप में चयनित किया गया था।