नागल(सहारनपुर)। सीडकी-झबरेड़ा मार्ग पर बुधवार देर शाम नंदनपुर के निकट गन्नों से लदे एक ओवरलोड ट्रॉले से कुचलकर बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पुलिस ने जिला चिकित्सालय भर्ती कराया। देर रात तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी।
नागल थाने के गांव बोहडुपुर निवासी फैजान (28) मोटरसाइकिल से अंडे की सप्लाई करने का काम करता है। शाम सात बजे वह खेड़ामुगल की ओर से काम निपटा कर अपने घर लौट रहा था। गांव नंदनपुर के निकट तेज गति से पीछे से आ रहे एक ओवरलोड गन्ने से लदे ट्रॉले ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह दूर जा गिरा तथा गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद अनियंत्रित ट्रॉले ने सामने से बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसे में दोनो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। युवकों ने हेलमेट नहीं लगाया हुआ था। देर रात एक युवक की पहचान सुनील कुमार 25 पुत्र बाबूराम निवासी आंबेडकर कॉलोनी झबरेड़ा हरिद्वार के रूप में हुई। इस दौरान चालक ट्रॉले को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों को जिला चिकित्सालय भेजा तथा घायल फैजान को सीएचसी नागल भिजवाया। जहां से उसे गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष बीनू सिंह ने बताया कि एक युवक की पहचान हो गई है, दूसरे की पहचान की कोशिश की जा रही है।