कोहरे में हादसों का कहर: सहारनपुर में दो लोगों की मौत, दोनों के गांवों में छाया मातम, सदमे में परिजन
Accident in Saharanpur : सहारनपुर जिले में अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। दोनों मृतकों के गांवों में मातम छाया हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विस्तार
सहारनपुर जनपद में कोहरे के चलते अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। दोनों मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना - 1
कोहरे के चलते ट्रक की चपेट में आकर साइकिल सवार की मौत
नानौता में अत्यधिक कोहरे के चलते 49 वर्षीय साइकिल सवार व्यक्ति की ट्रक की चपेट में आकर मौत हो गई। व्यक्ति की मौत की खबर लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। चालक ट्रक को छोड़कर फरार हो गया। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया और शव का पंचनामा भरकर पोस्मार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के गांव बुंदूगढ़ निवासी ग्रामीण श्याम सिंह (49) पुत्र ज्ञासु शुक्रवार की सुबह 8.45 बजे किसी काम से नगर के दिल्ली यमुनोत्री हाईवे स्थित संजय चौक से गुजर रहा था, इसी बीच अत्यधिक कोहरा होने के चलते सहारनपुर की ओर से आ रहे एक ट्रक ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी, जिससे साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। साइकिल सवार ग्रामीण को राहगीरों व पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
उधर, मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इस संबंध में कार्यवाहक थाना प्रभारी एसएसआई जितेंद्र तेवतिया ने बताया कि सड़क दुर्घटना में साइकिल सवार की मौत हो गई है।ट्रक को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: Weather Update : यूपी में कोहरा बना जानलेवा, सड़क हादसों में भाजपा नेता और होमगार्ड समेत पांच की मौत, 25 घायल
घटना - 2
सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत
सरसावा में शाहजहांपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव काजीबांस में ट्रक और बाइक की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक को भगा ले गया लेकिन, ग्रामीणों ने पीछा कर ट्रक को पकड़ लिया। इसके बाद चालक ट्रक को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
यह भी पढ़ें: अलविदा 2023: इन हत्याओं से दहला था मेरठ, माता-पिता का दरिंदगी से कत्ल तो कहीं मां ने छीन ली लाडलों की जिंदगी
थाना अध्यक्ष ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।