एक युवक की हालत गंभीर, हाईवे पर चढ़ते समय कार से टकराई बाइक
रामपुर मनिहारान(सहारनपुर)। लिंक रोड हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, जबकि घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया।
रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र में लिंक रोड हाईवे पर गांव रेहड़ी मलकपुर के पास एक बाइक पर सवार तीन युवक जैसे ही गांव के मार्ग से हाईवे पर चढ़े तो उसी समय तेज गति से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक का पहिया निकल कर दूर जा गिरा और कार भी क्षति ग्रस्त हो गई। हादसे में नीरज(18) पुत्र सोमपाल और रवि (20) पुत्र शीशपाल निवासीगण रेहड़ी मलकपुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक आकाश पुत्र सुरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। घटना की सूचना के बाद मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। उधर, हादसे के बाद कार सवार कार को मौके पर छोड़ कर फरार हो गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। कार पुलिस ने कब्जे में ले ली है। कार पर पंजाब का नंबर है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।