छुटमलपुर (सहारनपुर)। केंद्र सरकार द्वारा देश में 59 चीनी एप्स पर प्रतिबंध के बाद छुटमलपुर नगर पंचायत व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारियों ने अध्यक्ष मांगेराम शर्मा के नेतृत्व में अपने स्मार्ट फोन से चीनी एप्स को डिलीट कर चीन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
गांधी चौक स्थित एक प्रतिष्ठान पर आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष मांगेराम शर्मा ने कहा कि चीन के आने वाले सामान की खरीदारी करके हम सब चीन की आर्थिक तरक्की की राह खोलते हैं। चीन उसी पैसे को अपने रक्षा क्षेत्र में निवेश करके हमारी सेना पर हमला करता है। यह अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महामंत्री विकास गुप्ता और उपाध्यक्ष भूपेंद्र राणा ने कहा कि केंद्र द्वारा 59 चीनी एप्स को बंद करके सराहनीय कदम उठाया गया है। देश की जनता इस मुद्दे पर सरकार के साथ है। संरक्षक संजय अग्रवाल ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के तहत सभी को देश में ही बने एप्स का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने सभी से अपने फोन में इंस्टॉल सभी चीनी एप्स को डिलीट करने का आह्वान भी किया। इस दौरान अशोक गुप्ता, प्रवीण गुप्ता, पारस पाहवा, इरशाद मलिक, परवेज अंसारी, राहुल सैनी, योगेश सैनी, संजय धीमान, वाशु सिंघल, हरीश कश्यप, मुर्सलीन मलिक आदि मौजूद रहे।