फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Saharanpur News ›   The warehouse kept burning all night, explosions kept happening

Saharanpur News: नहीं थी एनओसी, रात भर जलता रहा गोदाम, होते रहे धमाके

Sun, 26 Nov 2023 11:17 PM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सहारनपुर
संवाद न्यूज एजेंसी, सहारनपुर Updated Sun, 26 Nov 2023 11:17 PM IST
विज्ञापन
The warehouse kept burning all night, explosions kept happening
सहारनपुर के बेहट रोड ​स्थित रसूलपुरा रिफाइंड और तेल के  गोदाम में लगी आग
- सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, अमरोहा और बिजनौर से पहुंची दमकल विभाग की गाड़ियां
विज्ञापन

- दमकल विभाग से नहीं ली गई थी गोदाम की एनओसी, न ही आग से बचाव के कोई इंतजाम थे

संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। गांव रसूलपुर में अदाणी ग्रुप के सरसों के तेल, रिफाइंड एवं खाद्य पदार्थ सामग्री का गोदाम रात भर जलता रहा और धमाके होते रहे। आग इतनी भीषण थी कि सहारनपुर के अलावा मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, अमरोहा और बिजनौर से दमकल विभाग की गाड़ियों व टीमों को बुलाना पड़ा। रात भर दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे रहे। लगभग 13 घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस गोदाम में न ही आग से बचाव के इंतजाम मिले और न ही दमकल विभाग से एनओसी ली गई थी। सीएफओ प्रताप सिंह ने बताया कि इसकी जांच की जा रही और कार्रवाई की जाएगी।
गोदाम में आग शनिवार की रात एक बजे लगी। गोदाम में रखे सरसों और रिफाइंड के कनस्तरों में आग की गर्मी से धमाके होने शुरू हो गए, जिससे गोदाम में लगे टीनशेड भी गिरने शुरू हो गए। टीनशेड गिरने की वजह से दमकल विभाग की टीमों को विपरीत परिस्थितियों में आग बुझाने का कार्य करना पड़ा। लगातार दमकल विभाग की गाड़ियां खाली होती रहीं। आग बुझाने में दस गाड़ियों का इस्तेमाल हुआ है। करीब 50 से अधिक राउंड पानी के भरे गए। तब, जाकर दमकल विभाग की टीमों ने रविवार की दोपहर दो बजे आग पर काबू पाया। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट मानी जा रही है, लेकिन दमकल विभाग और देहात कोतवाली पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है।
विज्ञापन

- खाली कराए 50 से अधिक मकान, पिघले टैंक, आई दरार
गोदाम के पीछे की तरफ आबादी वाला इलाका है। यहां करीब 50 मकान हैं। आग को बढ़ता देखकर दमकल विभाग की टीमों ने मकानों को खाली कराकर लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया। आग का ताप इतना था कि 500 मीटर की दूरी पर स्थित मकानों के ऊपर रखे पानी के टैंक भी पिंघल गए। कई मकानों में दरारें भी आग गईं।
विज्ञापन
विज्ञापन

- दो किलोमीटर में फैला धुआं, सांस लेने में हुई दिक्कत
आग की वजह से क्षेत्र में करीब दो किलोमीटर इलाके में धुआं फैल गया, जिसकी वजह से लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। लोग अपने घरों को छोड़कर दूर चले गए। दोपहर बाद जब आग पर बुझने के बाद धुआं निकलना बंद हुआ तो लोग घर लौटे।
- खेतों में फैला रिफाइंड और सरसों का तेल
गोदाम के आसपास के खेतों में रिफाइंड और सरसों का तेल फैल गया। सुबह आग लगने का पता लगते ही गोदाम के पास लोगों की भीड़ लगनी शुरू हो गई, जिनको पुलिस ने वहां से हटाया। धुएं की वजह से सांस लेने में दिक्कत हुई तो लोग खुद भी वहां से चले गए।
- बुलाई क्रेन, जेसीबी से तोड़ी दीवार, बाल-बाल बचे दमकलकर्मी
शनिवार की रात जब एक बजे आग लगी तो गोदाम के मुख्य दरवाजे से अंदर घुसने की कोशिश दमकल विभाग की टीमों ने की, लेकिन टीन शेड गिरा होने की वजह से दिक्कत आई। मौके पर क्रेन बुलवाकर टीनशेड को हटवाया गया। टीम के अंदर घुसने के बाद भी कई टीनशेड गिरे, जिसमें कई दमकलकर्मी बाल-बाल बचे। आग बुझाते हुए 13 घंटे बीत गए, लेकिन गोदाम के पिछले हिस्से में जाने में दमकलकर्मियों को दिक्कत हुई। इसलिए से जेसीबी से खेत के रास्ते से गोदाम की दीवार को तोड़कर आग पर काबू पाया गया।
- डीएम और एसएसपी भी मौके पर पहुंचे
जिलाधिकारी डाॅ. दिनेश चंद्र और एसएसपी डाॅ. विपिन ताड़ा भी घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने मौका-मुआयना किया। घटना के संबंध में दमकल विभाग के अधिकारियों से डीएम और एसएसपी ने जानकारी ली।
- लखनऊ तक पहुंची आग की तपिश
सीएफओ प्रताप सिंह ने लखनऊ मुख्यालय को भी घटना से तुरंत अवगत कराया और मदद मांगी। इसके बाद पड़ोसी जिलों से दमकल विभाग की गाड़ियां और टीमें सहारनपुर में घटनास्थल पर पहुंचना शुरू हो गई।
- नुकसान किया जा रहा आंकलन
आग से गोदाम में हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। आग में करोड़ों रुपये का सामान जला है। सीएफओ प्रताप सिंह का कहना है कि अभी कहा नहीं जा सकता है कि कितना नुकसान हुआ है।
- उत्तराखंड और वेस्ट यूपी में सामान होता है सप्लाई

गोदाम से फॉरच्यून कंपनी का सरसों का तेल और रिफाइंड की सप्लाई सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत, बिजनौर के अलावा वेस्ट यूपी कई जिलों में होती है। इसके अलावा यहां से उत्तराखंड में सरसों के तेल और रिफाइंड की सप्लाई होती है। यह गोदाम सात बीघा में बना हुआ है।
- वर्जन : आग पर दमकल विभाग की टीमों ने काबू पा लिया है। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। देहात कोतवाली पुलिस को जांच के निर्देश दिए गए हैं। -डॉ. विपिन ताडा, एसएसपी

- वर्जन : दमकल विभाग की ओर से कार्रवाई की जाएगी। गांव रसूलपुर में गोदाम चल रहा था। गोदाम की एनओसी नहीं थी। जांच के लिए टीम गठित की गई है। -प्रताप सिंह, सीएफओ
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed