सहारनपुर। नाम बदलकर एक युवक ने किशोरी को प्रेमजाल में फंसा लिया। घंटाघर के नजदीक स्थित बैंक के सिक्योरिटी गार्ड ने शक होने पर आरोपी को पकड़ लिया। इसके साथ ही मौके पर हिंदू संगठनों के लोग एकत्र हो गए। आरोपी की पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोपी के पास से अलग-अलग नामों के दो पहचान पत्र मिले हैं। हिंदू संगठनों ने लव जिहाद का आरोप लगाया है।
घटना सोमवार की शाम साढ़े छह बजे की है। घंटाघर के नजदीक एक होटल के पास किशोरी व एक युवक खड़े हुए दिखाई दिए। तभी, यहां स्थित बैंक के सुरक्षाकर्मी अवधेश कुमार को युवक की हरकतें गलत नजर आईं। उन्होंने युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी दूसरे समुदाय का निकला, लेकिन उसने हिंदू और मुस्लिम नाम से अलग-अलग पहचान पत्र बनवा रखे थे, जिसे पुलिस ने बरामद किया। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी युवक की पिटाई कर दी, जिसके बाद उसे घंटाघर पुलिस चौकी पर ले गए। पता लगने पर हिंदू जागरण मंच के महानगर अध्यक्ष अनिल अरोड़ा, अश्वनी शर्मा, प्रदीप ठाकुर, रजत गोयल, सुशील सैनी, संदीप सैनी आदि मौके पर पहुंच गए, जिन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि युवक ने नाम बदलकर किशोरी को प्रेमजाल में फंसाया है। वहीं, एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी पुलिस की हिरासत में है। उसके पास से हिंदू व मुस्लिम नाम से दो पहचान पत्र बरामद हुए हैं। जांच के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आरोपी बिहार के जिला किशनगंज का रहने वाला है। लड़की के परिजनों को भी थाने पर बुलाया गया है।