UP: अमर उजाला की खबर का असर, जिला अधिकारी ने संज्ञान लेते हुए एडीएम वित्त को जांच के दिए निर्देश
जिला अधिकारी ने अमर उजाला की खबर का संज्ञान लेते हुए एडीएम वित्त को जांच के निर्देश दिए हैं। जानिए पूरा मामला क्या था।
विस्तार
राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को अधपका भोजन परोसने और चावल व पूड़ियां शौचालय में रखने को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। जिलाधिकारी ने खबर का संज्ञान लेते हुए एडीएम वित्त एवं राजस्व रजनीश कुमार मिश्र को जांच करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की सक्रियता से विभाग में हड़कंप की स्थिति है। उधर, सिटी मजिस्ट्रेट ने भी सोमवार को स्टेडियम पहुंचकर खेल अधिकारी से बात की और स्पष्टीकरण देने को कहा। दूसरी ओर से खेल निदेशालय ने जिलाधिकारी से जवाब मांगा है।
राज्य स्तरीय सब जूनियर बालिकाओं की कबड्डी प्रतियोगिता डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित हुई। तीन दिवसीय प्रतियोगिता के पहले दिन 16 सितंबर को खिलाड़ियों को परोसे गए दोपहर के भोजन में अधपके चावल परोसे गए। जब खिलाड़ियों ने अधपके चावलों पर सवाल उठाया तो भोजन बनाने वालों ने चावलों की परात उठाकर शौचालय में रख दी। शौचालय के भीतर ही फर्श पर एक कागज के टुकड़े पर कुछ पूड़ियां रखी मिली।
इसके अलावा रोटी नहीं मिलने की वजह से अनेक खिलाड़ियों को सब्जी और सलाद से ही पेट भरना पड़ा था। अमर उजाला ने 17 सितंबर के अंक में अव्यवस्थाः अधपके चावल, रोटी के लिए कतार और इंतजार शीर्षक से दो नंबर पेज पर प्रमुखता के साथ समाचार प्रकाशित किया। जिसके बाद मामला चर्चाओं में आया। तब से खेल विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
यह भी पढ़ें: Agniveer recruitment: मुजफ्फरनगर में भर्ती कल से, सेना के हवाले स्टेडियम, प्रशासन ने कसी कमर, बदला रूट
खेल अधिकारी से लखनऊ निदेशालय के साथ ही अन्य जगह से जवाब मांगा जा रहा है। इसके अलावा जिला प्रशासन के द्वारा भी जवाब देने को कहा गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला अधिकारी अखिलेश सिंह ने खबर का संज्ञान लिया है। उन्होंने एडीएम वित्त एवं राजस्व रजनीश कुमार मिश्र को जांच के निर्देश दिए हैं। तीन दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है। जिला अधिकारी ने यह भी कहा है कि जांच में फोन के जरिए संबंधित खिलाड़ियों से बात कर उनका भी पक्ष लिया जाए। उधर, सिटी मजिस्ट्रेट एपी सिंह ने भी सोमवार को स्टेडियम पहुंचकर खेल अधिकारी अनिमेष सक्सेना से बात की और स्पष्टीकरण देने को कहा है।
स्टेडियम में खिलाड़ियों को खराब भोजन मिलने और शौचालय का इस्तेमाल रसोई के रूप में करने के संबंध में प्रकाशित समाचार का संज्ञान लिया गया है। एडीएम वित्त एवं राजस्व को जांच कर तीन दिन में वीडियो क्लीपिंग और उपलब्ध साक्ष्यों सहित आख्या प्रस्तुत करने को कहा गया है। - अखिलेश सिंह, जिला अधिकारी।
यह भी पढ़ें: Baghpat: पांच साल से अवैध रूप से बनाए जा रहे थे पटाखे, हादसे के बाद जागे अधिकारी
क्रीड़ा अधिकारी निलंबित
अपर मुख्य सचिव खेल, नवनीत सहगल ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए सहारनपुर के जिला क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।