Saharanpur: चंद रुपयों के लिए महिला की गोद से छीना उसका लाड़ला, पुलिस ने किया खुलासा
सहारनपुर में पॉश इलाके मिशन कम्पाउंड से महिला की गोद से बालक का अपहरण कर लिया था। अपहरण के बाद आरोपियों ने बच्चे को दो लाख रुपये में एक राशन डीलर को बेच दिया था। पुलिस ने 48 घंटे के भीतर घटना का खुलासा किया।
विस्तार
सहारनपुर में पॉश इलाके मिशन कम्पाउंड से महिला की गोद से बालक का अपहरण करने के बाद आरोपियों ने उसे दो लाख रुपये में एक राशन डीलर को बेच दिया था। पुलिस ने 48 घंटे के भीतर घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, इनका एक साथी अभी फरार है। पुलिस महानिदेशक ने पुलिस टीम को एक लाख रुपये और डीआईजी ने 50 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
गिरफ्तार आरोपी कुलदीप शर्मा गांव मिर्जापुर और राशन डीलर गांव अंबेहटा चांद का रहने वाला है। इनके फरार साथी का नाम विकास टंडन निवासी मिर्जापुर बताया जा रहा है। पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता में एसएसपी डा. विपिन ताडा ने बताया कि खलासी लाइन निवासी हीना पत्नी संतोष कुमार गरीब परिवार से हैं और भिक्षा मांगकर गुजारा करती हैं।
शुक्रवार की रात पौने 12 बजे मिशन कम्पाउंड में खेमका सदन में एक शादी समारोह चल रहा था और हीना पास में ही बैठी थी। तभी कुलदीप हीना की आंख में मिट्टी डाल उसके सात माह के पुत्र शिवा को छीन कार में बैठकर अपने साथी विकास के साथ फरार हो गया।
चंद रुपयों के लिए महिला की गोद से छीना उसका लाड़ला
सहारनपुर। चंद रुपयों के लालच में आरोपियों ने एक मां की गोद से उसके बच्चे को छीन लिया। घटना के बाद से महिला बदहवास थी। आरोपी रेलवे स्टेशन से महिला का पीछा करते हुए खेमका सदन तक पहुंचे थे और बच्चा छीनकर फरार हो गए।
यह भी पढ़ें: Muzaffarnagar: लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई कार, गंगा स्नान के लिए जा रहे युवक की मौत
आरोपियों ने तय किया था कि किसी गरीब और भीख मांग खाकर गुजारा करने वाली महिला का बच्चा ही अगवा करेंगे। ऐसी महिला थाने में शिकायत नहीं कर पाएगी और पुलिस भी ज्यादा ध्यान नहीं देगी, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर तेजी से जांच की और आरोपियों को दबोच कर घटना खा खुलासा कर दिया।

पुलिस लाइन में बरामद बच्चे को खिलाते एसएसपी डॉ. विपिन ताडा- फोटो : SAHARANPUR
कुलदीप और विकास ने राशन डीलर ओमपाल से बच्चे का सौदा दो लाख रुपये में तय किया था। पैसे बच्चा मिलने पर दस दिन बाद देने थे। एसएसपी डाक्टर विपिन टांडा ने बताया कि कुलदीप और विकास पूरे दिन शहर में बच्चे की तलाश में घूमते रहे। इस दौरान रेलवे स्टेशन के पास इनको बच्चे की एक गरीब महिला हीना घूमती मिली। कुलदीप और विकास ने हीना से कहा कि उन्हें बच्चे को पैसे दान में देने हैं। तुम्हारी गोद में बेटी है या बेटा है।
हीना ने बताया कि उसके दो बेटियां है और गोद में सात माह का पुत्र शिवा है। इसके बाद आरोपियों ने शिवा के नाम से हीना को 50 रुपये दिए। रेलवे स्टेशन से हीना खेमका सदन इस उम्मीद में पहुंची थी कि उसे वहां चल रहे शादी समारोह में आने जाने वालों से कुछ रुपये मिल जाएंगे। वह जब खेमका सदन के पास बैठी थी, तभी से आरोपी भी उसका पीछा करते हुए वहां पहुंच गए और कुलदीप उससे बच्चा छीन कर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी।

बच्चा चोरी करने वाले आरोपी- फोटो : SAHARANPUR
मां बोली, योगी सरकार की पुलिस का धन्यवाद
बच्चे के बरामद होने पर पुलिस लाइन में बोली, वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार की पुलिस का धन्यवाद करती है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई उसके शिवा को उसे सौंप दिया। एसएसपी डा. विपिन ताडा ने सात माह के शिवा को अपनी गोद में लेकर दुलारा।
हीना ने एसएसपी को बताया कि शिवा दो माह से बीमार चल रहा है, जिसका इलाज देहरादून चौक पर क्लीनिक चलाने वाले एक चिकित्सक के यहां चल रहा है। एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से कोतवाली सदर बाजार पुलिस को बच्चे का चिकित्सक के यहां ले जाकर अच्छी तरह चेकअप कराने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: Baghpat: अवैध वसूली की विडियो वायरल होने पर निवाडा चौकी प्रभारी समेत पांच सस्पेंड
राशन डीलर के नहीं है बेटा
एसएसपी ने बताया कि ओमपाल के कोई पुत्र नहीं है और एक बेटी है। ओमपाल ने विकास टंडन को कहीं से बच्चा दिलाने के लिए कहा था। इसके बाद विकास टंडन ने कुलदीप के साथ मिलकर बच्चे को अगवा किया। विकास टंडन अभी फरार चल रहा है, जिस कार का वारदात में इस्तेमाल किया गया, वह भी विकास के पास है। पुलिस टीमें विकास की गिरफ्तारी को दबिश दे रही हैं।